Home Uncategorized नल-जल योजना से वंचित ग्राम पंचायत रघुनाथनगर के ग्रामीण

नल-जल योजना से वंचित ग्राम पंचायत रघुनाथनगर के ग्रामीण

91
0

रघुनाथनगर (चंद्रकांत शाहू) ! ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पेयजल मिल सके इसके लिए केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना नल जल योजना अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों के घरो तक पाइप लाइन का विस्तार कर कनेक्शन लगाया जाना है। हैरानी की बात यह है कि ग्राम रघुनाथनगर क्षेत्र में कार्य प्रारंभ हुए चार साल होने को है और नल कनेक्शन तथा चबूतरा बनाने के बावजूद पानी सप्लाई नहीं होने के कारण ग्रामीण शुद्ध पेयजल से वंचित है। ऐसे में ठेकेदार की मनमानी व अधिकारियों की उदासीन रवैया का खामियाजा ग्रामीणों को न सिर्फ भुगतना पड़ रहा है बल्कि लंबे समय बाद भी नल जल योजना के तहत कार्य पूरा नहीं होने से आक्रोश व्याप्त है। वर्तमान में ठेकेदार एवं संबंधित विभाग के अधिकारियो की उदासीनता या कहे मिलीभगत के कारण ग्राम पंचायतों में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक पानी पहुंचाने का सपना अधूरा नजर आ रहा है। ग्रामीण घटिया निर्माण व कछुआ गति से चल रहे काम को लेकर काफी आक्रोशित है। सरकार की महत्वपूर्ण योजना का लाभ ब्लाक में कही भी किसी पंचायत में सही ढंग से ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है। गौरतलब है कि रघूनाथनगर क्षेत्र में आज तक काम पूरा नहीं हो सका ‘जिससे आधे-अधूरे काम होने से क्षेत्र के ग्रामीण नल जल योजना का लाभ से वंचित है। ग्राम रघूनाथनगर क्षेत्र में चार वर्ष पूर्व 98.45 लाख की लागत से निर्माण शुरू किया गया था जो ठेकेदार के लापरवाही से अब तक पूरा नहीं हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम रघुनाथनगर में नल जल योजना के तहत हर घर को पानी उपलब्ध कराने के लिए टंकी तो बनी परंतु नल जल योजना ग्रामीणों के घर तक नहीं पहुंच पाई। विभागीय अधिकारी एवं ठेकेदार की मिलीभगत ने इस योजना का पलीता लगा दिया गया है। सरपंच पति की माने तो पीएचई विभाग के ठेकेदार एवं पीएचई अधिकारियों ने जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार किया है। जिसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने की पेयजल सप्लाई करने की मांग – क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि घर के सामने नल जल योजना के तहत नल व चबूतरा तो बनाया गया है लेकिन आज तक शुद्ध पेयजल नसीब नहीं हुआ। पूर्व में इस संबंध में कई बार शिकायत की गई लेकिन आज तक किसी प्रकार की पहल नहीं हुई। ग्रामीणों ने नल जल योजना के तहत बनाई गई टंकी से पेयजल सप्लाई शुरू करने की मांग की है |
चबूतरा व नल हुर क्षतिग्रस्त – ग्राम रघुनाथनगर क्षेत्र में नल जल योजना का काम शुरू होने तथा घरों के सामने नल के साथ चबूतरा का निर्माण करने से ग्रामीणों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने की आस जगी। हैरानी की बात यह है कि चबूतरा के साथ नल तो लगा दिया गया परंतु पेयजल सप्लाई नहीं होने से चबूतरा महज शो पीस बन कर रह गई है। आलम यह है कि अब ग्रामीणों के घर के सामने बनाए गए चबूतरा व लगाए गए नल उपयोग नहीं होने अब पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार्य को सही ठहराने की कोशिश – कुछ दिन पूर्व नल जल योजना में हुए भ्रष्टाचार को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद ठेकेदार एवं अधिकारियो ने कुछ जगहों पर पत्रकारों को दिखाने के लिए दस मिनट पानी चालू कर ग्रामीणों के आँखों में धुल झोकने का प्रयास किया लेकिन एक घंटे के अन्दर इनका चमकदार प्रयास वहां के ग्रामीणों ने ही खोलकर रख दी |