देश के सबसे पसंदीदा कॉमेडियन रहे राजू श्रीवास्तव भले ही अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वो अपने चाहने वालों के दिल में हमेशा के लिए अपनी पहचान छोड़ गए हैं। राजू श्रीवास्तव का छत्तीसगढ़ से भले ही डॉयरेक्ट कनेक्शन नहीं रहा है। मगर बिलासपुर के इवेंट ऑर्गेनाइजर विनोद पटेल के माध्यम से राजू का छत्तीसगढ़ और बिलासपुर के प्रति गहरा लगाव रहा है।
यही वजह है कि विनोद के एक बुलावे पर 17 साल पहले राजू श्रीवास्तव बिलासपुर आ गए थे। उनकी दोस्ती ऐसी थी कि राजू ने विनोद के नाम से कॉमेडी आइटम ही बनाया था, जिसे काफी पसंद किया गया। राजू ने उस आइटम का नाम दिया था विनोद भाई की बहन की शादी।
राजू श्रीवास्तव के निधन पर उन्हें याद करते हुए विनोद पटेल ने बताया कि साल 1997 में वो फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के लिए मुंबई गए थे। उस समय वो इंडस्ट्री में जाने के लिए बहुत स्ट्रगल कर रहे थे। विनोद मुंबई के घाटकोपर में 1997 से 2004 तक रहे। तब राजू श्रीवास्तव भी कानपुर से आकर मेहनत कर रहे थे।
वहीं मुंबई में ही दोनों की मुलाकात हुई थी। उन्होंने बताया कि राजू चाय ठेले में बैठकर हमेशा चाय पीते थे। मैं भी उनके साथ बैठकर चाय पीता था। इसी दौरान राजू को लाफ्टर चैलेंज में काम करने का मौका मिला, फिर उनको कॉमेडियन का नया नाम मिला। इसके बाद से उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। इस बीच विनोद 2004 में बिलासपुर आ गए और यहां आकर इवेंट का काम शुरू किया। विनोद बताते हैं कि राजू भाई ने मेरे नाम से कॉमेडी आइटम बनाया था, जिसे विनोद भाई की बहन की शादी का नाम दिया था। राजू इस टाइटल के नाम से लोगों को काफी हंसाते थे और वह काफी हिट हुआ था।