Home खेल IPL 2021: ऑक्शन से पहले ट्रेडिंग विंडो में इन खिलाड़ियों को अपना...

IPL 2021: ऑक्शन से पहले ट्रेडिंग विंडो में इन खिलाड़ियों को अपना बना सकती है RCB

47
0

IPL 2021: 10 खिलाड़ियों को रिलीज करने के बाद आरसीबी (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के साथ ट्रेड के दौरान दो खिलाड़ियों को खरीदा भी है. आईपीएल 2021 की मिनी नीलामी कुछ सप्ताह दूर है.

इंडियन प्रीमियर लीग 2020 (IPL 2020) के प्लेऑफ में क्वॉलिफाई करने के बावजूद रायल चैलेंजर्स बैंगलोर (Royal Challengers Bangalore) ने अपने 10 खिलाड़ियों को रिलीज किया है. इनमें क्रिस मौरिस, शिवम दुबे, इसुरु उडाना जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं. हालांकि, उनकी रिलीज लिस्ट देखने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने निराशा जाहिर की. खिलाड़ियों को रिलीज करने के बाद आरसीबी (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के साथ ट्रेड के दौरान दो खिलाड़ियों को खरीदा भी है. आईपीएल 2021 की मिनी नीलामी कुछ सप्ताह दूर है. ऐसे में नीलामी से पहले विराट कोहली (Virat Kohli) की टीम की निगाहें ट्रेडिंग विंडों में इन तीन खिलाड़ियों पर
रहेगीः

क्रिस लिनः रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ओपनिंग संयोजन के लिए लगातार संघर्ष करती रही है. टीम प्रबंधन इस बात से चिंतित रहा है कि टीम अधिकांश एलिमिनेटर मुकाबलों में बाहर हो गई. विराट भी टीम के लिए पारी की शुरुआत कर चुके हैं, लेकिन वह भी अच्छा परफॉर्म नहीं कर पाए. यही वजह है कि टीम प्रबंधन ने एरॉन फिंच को रिलीज कर दिया है. आरसीबी को एक अनुभवी ओपनर की जरूरत है, जो देवदत्त पडिक्कल के साथ टीम को अच्छी शुरुआत दे सके. 2020 के आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए क्रिस लिन अधिकांश मौकों पर बेंच पर ही बैठे रहे. लिहाजा लिन बेस प्राइज दो करोड़ में उपलब्ध होंगे, लेकिन यह डील तभी हो सकती है जब मुंबई लिन को छोड़ने के लिए तैयार हो और उन्हें लिन की जगह अपनी पसंद का खिलाड़ी मिल जाए.

क्रिस वोक्सः रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के ओपनर के अलावा ऑलराउंडर भी अपना काम ठीक से नहीं कर पाए हैं, जिसके चलते शिवम दुबे, क्रिस मौरिस, मोईन अली और इसुरु उडाना को रिलीज किया गया. आरसीबी ने डेनियल सैम्स और हर्षल पटेल को टीम में शामिल किया है, लेकिन अभी उन्हें अच्छे ऑलराउंडर्स की जरूरत है. कभी दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे क्रिस वोक्स आरसीबी की प्राथमिकता हो सकते हैं. कभी आरसीबी का हिस्सा रहे वोक्स को 2018 में 7.4 करोड़ में खरीदा गया था. आरसीबी प्रबंधन वोक्स को लेने के लिए तैयार हो सकते हैं, यदि दिल्ली कैपिटल्स प्रबंधन उन्हें रिलीज करता है. लेकिन तब दिल्ली कैपिटल्स देवदत्त पडिक्कल की बदले में मांग कर सकता है, क्योंकि दिल्ली को भी ओपनर की तलाश है.

मोहम्मद नबीः मोहम्मद नबी नियमित रूप से हर लीग में प्लेइंग इलेवन के सदस्य रहे हैं, लेकिन आईपीएल में ऐसा नहीं हुआ. अफगानिस्तान के इस ऑलराउंडर ने 4 सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए केवल 14 मैच खेले हैं. वह ऐसी टीम में जाना चाहेंगे, जहां वह नियमित रूप से खेल सकें और आरसीबी की इसमें रुचि हो सकती है. स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं. 278 टी20 मैचों में उन्होंने 4267 रन बनाए हैं और 271 विकेट लिए है. नबी यजुवेंद्र चहल का बैकअप हो सकते हैं और वह फिनिशर की भूमिका भी निभा सकते हैं. लेकिन देखना होगा कि क्या सनराइज हैदराबाद उन्हें रिलीज करेगी.

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के रिटेन खिलाड़ी: विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, युजवेंद्र चहल, देवदत्‍त पडिक्‍कल, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्‍मद सिराज, नवदीप सैनी, एडम जम्‍पा, शहबाज अहमद, जोश फिलिप, केन रिचर्ड्सन और पवन देशपांडे.

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के रिलीज खिलाड़ी: क्रिस मौरिस, एरॉन फिंच, मोइन अली, इसरू उडाना, डेल स्टेन, शिवम दुबे, उमेश यादव, पवन नेगी, गुरकीरत मान और पार्थिव पटेल.