भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) की रफ्तार लगातार तेजी से बढ़ रही है. रविवार को कोरोना मरीज़ों की संख्या ने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. पिछले 24 घंटे में देश भर में कोविड-19 के रिकॉर्ड 28,637 मामले सामने आए हैं. अब संक्रमण के कुल मामले 8,49,553 हो गए हैं. वहीं, एक दिन में बीमारी से 551 लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 22,674 हो गई है. आंकड़ों पर नजर डालें तो अब दुनिया भर में अब हर दिन नए मरीजों की संख्या में भारत की हिस्सेदारी 12% हो गई है.
हिस्सेदारी में लगातार इज़ाफा
शुक्रवार तक दुनिया में भारत की हिस्सेदारी 11.8 फीसदी थी, लेकिन अब ये आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है. बता दें कि दुनिया में हर रोज कुल मिलाकर औसतन 2.37 लाख नए मरीज़ सामने आ रहे हैं. जून के शुरुआती हफ्तों से ही दुनिया के आंकड़ों में भारत की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है. वैसे जनसंख्या के हिसाब से देखें तो फिलहाल ये काफी कम हैं. दुनिया भर में आबादी में भारत का हिस्सा 17.5 फीसदी से ज्यादा है.
1 महीने में 4% से ज्यादा का इज़ाफा
12 जून को दुनिया भर में कोरोना के नए मरीजों की संख्या में भारत की हिस्सेदारी 8.1% थी. अब इसमें 4 फीसदी से ज्यादा का इजाफा हो गया है. देश भर में सबसे ज्यादा 45 फीसदी मौत महाराष्ट में हुई है. यहां अब तक 10116 लोगों की मौत हुई है. इसके बाद दिल्ली में 3334 लोगों की जान गई है.



