Home Uncategorized जो एआई से बेहतर करेगा, बचेगा, जो बराबरी का करेगा हटेगा

जो एआई से बेहतर करेगा, बचेगा, जो बराबरी का करेगा हटेगा

28
0

सुभाष गुप्ता (मेरुवाणी) ! दुनिया एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है जहाँ लड़ाई न तो सीमाओं पर लड़ी जाएगी, न सैनिक टुकड़ियों से, और न ही पारंपरिक हथियारों से। यह लड़ाई इंटरनेट के तारों में, सर्वरों के भीतर, और एल्गोरिद्म की अदृश्य परतों में लड़ी जाएगी। कृत्रिम बुद्धिमत्ता अब सिर्फ सहायक तकनीक नहीं रह गई है; वह निर्णय लेने, छंटनी करने, निगरानी रखने, और भविष्य तय करने का औजार बन चुकी है। ऐसे में यह मान लेना कि नौकरियाँ सिर्फ मेहनतकशों की जाएँगी और पढ़े-लिखे लोग सुरक्षित रहेंगे, सबसे खतरनाक भ्रम है। एआई का पहला वार निचले पायदान पर नहीं, बल्कि औसत दफ्तरों पेशेवरों और औसत विशेषज्ञों पर पड़ेगा। जो लोग आज भी यह मानते हैं कि डिग्री, पद या अनुभव उन्हें स्थायी सुरक्षा देता है, वे आने वाले समय के लिए सबसे कम तैयार हैं। तकनीक कभी किसी की भावनाओं का लिहाज नहीं करती; वह सिर्फ यह देखती है कि कौन तेज है, कौन सटीक है, और कौन सस्ता है। इसी संदर्भ में माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स की वह बात महत्वपूर्ण हो जाती है, जिसे कई लोग आधा सुनकर उत्साह में, और आधा सुनकर डर में बदल रहे हैं। गेट्स ने कहा है कि एआई की वजह से आने वाले वर्षों में उत्पादकता इतनी बढ़ सकती है कि काम का सप्ताह दो या तीन दिन का रह जाए। लेकिन उन्होंने यह बात किसी स्वर्ग का वादा करते हुए नहीं कही। उन्होंने साफ चेताया कि ऐसा तभी संभव होगा जब समाज, सरकारें और अर्थव्यवस्थाएँ श्रम, आय और सुरक्षा के नए मॉडल गढ़ें। इसका सीधा अर्थ यह है कि अगर ये बदलाव नहीं हुए, तो दो दिन का काम कुछ लोगों के लिए होगा, और बाकी लोगों के लिए कोई काम ही नहीं होगा। भारत जैसे देश में, जहाँ सामाजिक सुरक्षा पहले से कमज़ोर है और बेरोज़गारी को आँकड़ों से छुपाया जाता रहा है, वहाँ एआई आराम नहीं, बल्कि कठोर छँटेनी का पर्याय बन सकता है। भारत की सबसे बड़ी समस्या यह नहीं है कि एआई आ रहा है, बल्कि यह है कि हम आज भी यह मानकर चल रहे हैं कि पुरानी शिक्षा और पुराने हुनर नए समय में भी चल जाएंगे। हमारे कॉलेज अब भी छात्रों को नौकरी के काबिल नहीं, बल्कि परीक्षा पास करने के काबिल बनाते हैं। हमारे दफ्तर अब भी घंटों की उपस्थिति को काम मानते हैं, न कि नतीजों को। एआई इन सब झूठी तसल्ली को बेरहमी से उजागर करेगा। मशीनें यह नहीं पूछेंगी कि आपने कितने साल काम किया, बल्कि यह देखेंगी कि आप आज क्या कर सकते हैं। यह बात कड़वी है, लेकिन सच यही है कि आने वाले समय में नौकरी कोई अधिकार नहीं, बल्कि रोज-रोज साबित की जाने वाली क्षमता होगी। जो सीखना छोड़ देगा, वह पहले अप्रासंगिक होगा, फिर अदृश्य । इस पूरे परिदृश्य में यह कहना भी आसान होता जा रहा है कि हर व्यक्ति अपनी किस्मत का खुद जिम्मेदार है। लेकिन यह आधा सच है। सरकारों की जिम्मेदारी है कि वे शिक्षा प्रणाली को तेजी से बदलें, कामकाजी लोगों के लिए बड़े पैमाने पर पुनः कौशल प्रशिक्षण शुरू करें, और यह सुनिश्चित करें कि तकनीकी लाभ कुछ कंपनियों और कुछ देशों तक सीमित न रहें। लेकिन यह भी उतना ही सच है कि सरकारों के भरोसे बैठना आत्मघाती होगा। इतिहास गवाह है कि तकनीकी बदलाव हमेशा पहले आया है, नीति बाद में। जो व्यक्ति इस अंतराल में खुद को तैयार नहीं करता, वह व्यवस्था के सुधरने से पहले ही बाहर हो जाता है। आखिर में एक बात साफ़ कहनी होगी, चाहे वह असहज लगे। एआई न किसी धर्म को मानता है, न किसी राष्ट्रवाद को, न किसी संगठन की वफ़ादारी को। वह सिर्फ परिणाम देखता है। जो उससे बेहतर काम करेगा, वही बचेगा। जो बराबरी का काम करेगा, वह हटेगा। और जो उससे कमज़ोर होगा, उसके लिए कोई सहानुभूति नहीं होगी। यह डराने के लिए नहीं कहा जा रहा, बल्कि चेताने के लिए। आने वाला समय मेहनत से नहीं, बल्कि बेहतर मेहनत से तय होगा। और जो समाज, संस्थान या व्यक्ति इस सच्चाई को जितनी जल्दी समझ लेगा, वही भविष्य में अपनी जगह बना पाएगा।