रघुनाथनगर (मेरुवाणी) ! स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मिडियम स्कूल में रघुनाथनगर में पदस्थ शिक्षक पीयूष वर्मा (संविदा) के द्वारा स्कूल में अध्ययनरत छात्र की पिटाई करने की शिकायत सही पाई जाने के बाद इनको सेवा से मुक्त कर दिया गया। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर द्वारा जांच में शिक्षक पीयूष वर्मा के द्वारा छात्र की पिटाई करना पाया गया। वहां के प्राचार्य भी शिक्षक पीयुष वर्मा द्वारा बिना सूचित किए अवकाश में रहने, सिलेबस अनुसार कोर्स व शिक्षक दैनन्दनी पंजी पूर्ण न करने सहित अभद्र व्यवहार करने एवं अन्य तथ्यों के लिए नोटिस जारी करने के बाद भी कोई साकारात्मक जवाब नहीं देते थे | साथ ही स्कूल में अन्य सह कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने की भी शिकायत की गई थी। जांचकर्ता अधिकारी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के अनुसार शिकायत सही पाया गया | प्राचार्य सेजेस इंग्लिस मिडियम रघुनाथनगर के द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार पीयूष कुमार वर्मा, शिक्षक के विरूद्ध उपरोक्त साक्ष्य प्रमाणित होने के कारण पियूष वर्मा उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 01, 02 एवं 03 के उल्लंघन में दोषी है। अधिरोपित आरोप प्रमाणित पाये जाने एवं छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के उल्लंघन में दोषी पाये जाने के फलस्वरूप छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम 2012 की दीर्घ शास्ति अधिरोपित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी के द्वारा पीयूष कुमार वर्मा, शिक्षक-संविदा (अंग्रेजी माध्यम) विषय कला, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट (अंग्रेजी माध्यम) उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रघुनाथनगर को संविदा सेवा से पदच्युत किया गया है।


