गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में होली के दिन 8 मार्च को दो नाबालिगों की डूबकर मौत हो गई थी। कलेक्टर की पहल पर अब मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की मुआवजा राशि प्रदान की गई है। घटना गौरेला थाना क्षेत्र में हुई थी।
गौरेला के सतोकपुर एनीकट में दोनों नाबालिग डूब गए थे। लालपुर गांव के बच्चों की टोली होली खेलने के बाद 8 मार्च की दोपहर को तोकपुर हर्राटोला में टीपान नदी पर बने एनीकट में नहाने के लिए गई थी। सभी बच्चे नहा रहे थे। कुछ बच्चे बाहर मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान निखिल प्रजापति (13 वर्ष) और प्रकाश राठौर (14 वर्ष) भी नहाने के लिए एनीकट में कूद गए।
बताया गया कि कुछ देर तक दोनों किनारे की ओर ही नहा रहे थे। मगर अचानक से दोनों थोड़ा आगे बढ़ गए। वहां पर गहराई थी, इस वजह से दोनों को कुछ पता भी नहीं चला और डूबने लगे। इसके बाद दोनों चिल्लाए भी, लेकिन आस-पास के बच्चे जब तक उन तक पहुंचे, वे डूब चुके थे।
इस मामले में जिले की कलेक्टर प्रियंका ऋषि महोबिया ने 10 दिनों के भीतर ही मुआवजा प्रकरण स्वीकृत करते हुए मृत दोनों बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि दी। पेंड्रा रोड तहसील के ग्राम लालपुर निवासी मृतक निखिल के पिता शोभलाल प्रजापति और इसी ग्राम के मृतक प्रकाश के पिता रमेश राठौर को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है।



