छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू रिसाली नगर निगम क्षेत्र में लगातार विकास कर रहे हैं। उन्होंने लगातार दूसरे दिन फिर 30 नए कार्यों का भूमि पूजन किया। वो शनिवार को निगम के वार्ड 18 पहुंचे। यहां उन्होंने 2.95 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
इस दौरान गृह मंत्री वार्ड 18 के लोगों से मिले और उनका हाल जाना। उन्होंने उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि आपस में चर्चा कर सामूहिक रूप से विकास के लिए सूची बनाएं। इस बात का विशेष ध्यान रखे कि महत्वपूर्ण कार्य को पहले क्रम पर रखें। सूची को पार्षद के माध्यम से अधिकारियों तक पहुंचाएं। जैसे ही उनके पास विकास कार्यों की सूची पहुंचेगी वो उसके लिए मद स्वीकृत करवाएंगे। उन्होंने कहा कि रिसाली का विकास कहीं से भी नहीं रुकने दिया जाएगा। भूमि पूजन कार्यक्रम में महापौर शशि सिन्हा सहित उनके सभी एमआईसी मेंबर व पार्षद मौजूद थे।
वर्षों से अंधेरे में डूबी सड़क में दिखेगी रोशनी
भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद गृहमंत्री वार्ड 5 एचएससीएल कॉलोनी रूआबांधा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने डीपीएस स्कूल गेट नंबर 2 के सामने रूआबांधा कॉलेज पहुंच मार्ग पर अंधेरा देखा। उन्होंने देखा कि इस मार्ग में कई साल से स्ट्रीट लाइन नहीं हैं। उन्होंने यहां लाइट लगाने का भूमि पूजन किया। अब मार्ग को 8.50 लाख रुपए खर्च करके रोशन किया जाएगा।
गृह मंत्री ने कराया सभी का मुंह मीठा
भूमिपूजन के दौरान मंत्री ने उपस्थित नागरिकों को अपने हाथों से मुंह मीठा कराया। इस दौरान उन्होंने वार्ड 8 रिसाली सेक्टर में नाली निर्माण 12 लाख, वार्ड 9 डीपीएस रिसाली सेक्टर में सीमेंटीकरण 11.13 लाख, बीएसएफ कैम्पस के पास स्थित मैदान में मंच निर्माण 4 लाख सहित कई अलग-अलग कार्यों का भूमि पूजन किया।