रायपुर नगर निगम एक जन समस्या निवारण शिविर लगाने जा रहा है। इसमें निगम संबंधी मामलों में लोगों को मदद मिलेगी। बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे, अफसर एक ही जगह पर मिलेंगे और लोगों की परेशानियां सुनेंगे। रायपुर के महापौर एजाज ढेबर ने बताया कि नागरिक सेवाओं एवं सुविधाओं से जुड़ी आम लोगों की जरूरतों को पूरा करने व उनकी समस्याओं का समाधान करने 15 व 16 मार्च को इस शिविर का आयोजन किया गया है।
ये शिविर नगर निगम के सभी 10 जोन के कार्यालयों में लगाया जाएगा। । जहां राशन कार्ड, नल कनेक्शन, सम्पत्ति कर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन, आवास, नियमितीकरण जैसे सभी सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधितों से नगर निगम की ओर से अपील की गई है कि आवश्यक दस्तावेजों के साथ तय तिथि को शिविर में अपनी समस्या का निराकरण कराने उपस्थित रहें।
मितान योजना से भी बनवाए जा सकते हैं डॉक्यूमेंट
मितान योजना के तहत अभी 13 सेवाओं को होम डिलीवरी के लिए उपलब्ध कराया गया है। इसमें जन्म प्रमाणपत्र, विवाह प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, मृत्यु प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, दस्तावेज की नकल, भूमि रिकॉर्ड आदि की प्रति, दुकान पंजीकरण, भूमि की जानकारी और दस्तावेजों में सुधार आदि सेवाएं शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया, मुख्यमंत्री मितान योजना से सेवाओं की होम डिलीवरी के लिए टोल फ्री नंबर 14545 पर कॉल करना होगा। इसकी पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी। इसमें कार्यालय नहीं आना होगा। तय समय में संबंधित प्रमाणपत्र अथवा दस्तावेज के साथ मितान योजना के लोग दिए पते पर पहुंच जाएंगे।