छत्तीसगढ़ के युवा दूसरे राज्यों में जाकर नौकरी करना पसंद नहीं कर रहे हैं। इसलिए छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण (सीएसएसडीए) ने ज्यादा से ज्यादा नौकरियां राज्य में ही जनरेट करने की योजना तैयार की है। दरअसल पिछले कुछ महीनों में रायपुर समेत राज्यभर में लगातार प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में खाली पदों के लिए युवाओं से आवेदन मांगे गए। लेकिन जितने पद खाली थे उतने आवेदन भी नहीं मिले। दिसंबर 2022 में 18 हजार पदों के लिए कैंप लगाया गया, लेकिन करीब 8000 युवाओं ने ही अपना बायोडाटा जमा कराया।
इसके बाद प्राधिकरण ने एक जांच रिपोर्ट बनाने सर्वे किया कि आखिर युवा प्लेसमेंट कैंप में शामिल क्यों नहीं हो रहे हैं। सर्च रिपोर्ट के बाद पता चला कि कैंप में ज्यादातर नौकरियां राज्य के बाहर के लिए होती हैं या फिर उनकी सैलरी कम होती है। इसलिए युवा जॉब ऑफर ठुकरा देते हैं। यही वजह है कि 2023-24 में ऐसी योजना तैयार की जा रही है जिसमें छत्तीसगढ़ की नामी कंपनियां राज्य में ही युवाओं को ज्यादा सैलरी में नौकरी उपलब्ध कराए।
ट्रेनिंग खत्म हो और सीधे नौकरी मिले, यही काम सबसे महत्वपूर्ण
छत्तीसगढ़ के युवाओं की दिलचस्पी किस तरह की नौकरी में है, इस तरह का पहला सर्वे कराने वाले छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के सीईओ और भास्कर एक्सपर्ट आईएएस अवनीश कुमार शरण ने बताया कि अभी सबसे बड़ा काम यही किया जा रहा है कि युवाओं की कौशल ट्रेनिंग खत्म और उन्हें सीधे नौकरी मिले। इसलिए 2023-24 में नई कार्ययोजना तैयार की गई है। नए साल में अभी 3544 युवाओं को अलग-अलग सेक्टर में ट्रेनिंग दी जा रही है।
प्रशिक्षण खत्म होने के बाद इन सभी को तुरंत रोजगार मिले इसलिए प्रदेश की ही छोटी-बड़ी कंपनियों से संपर्क किया जा रहा है। उनसे बात की जा रही है कि वे ऐसे काम के लिए युवाओं को ऑफर दें जो ट्रेनिंग लेने के बाद राज्य में रहकर उस काम को कर सकें। कंपनियों से यह भी पूछा जा रहा है उन्हें किस तरह के कर्मचारी-अफसर चाहिए। डिमांड के अनुसार भी युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। इससे नौकरी मिलने में आसानी होगी।
इसके लिए कंपनियों से यह भी कहा जा रहा है कि वे लाइवलीहुड कॉलेज में जो ट्रेनिंग दी जा रही है उसमें पार्टनर बने। इससे कंपनियों की जरूरत के अनुसार युवाओं को ट्रेनिंग दी जा सकेगी। प्रशिक्षण के दौरान कंपनियां यह भी जान सकेगी कि ट्रेनिंग लेने वालों में किन युवाओं को जॉब ऑफर किए जा सकते हैं।



