कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियां जोरों पर हैं। रविवार को एआईसीसी के प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल, अधिवेशन कमेटी के अध्यक्ष पवन बंसल, संयोजक तारिक अनवर, प्रभारी कुमारी सैलजा, गुरदीप सिंह सप्पल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के साथ नवा रायपुर स्थित मेला मैदान का दौरा किया। इसके बाद सभी ने बैठक कर अधिवेशन की पूरी रूपरेखा तैयार की। 24 से 26 फरवरी को होने जा रहे अधिवेशन के लिए अब कोई टेंट सिटी नहीं बसाई जाएगी।
सभी पीसीसी और एआईसीसी डेलीगेट्स को होटलों में ही ठहराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर हाउसिंग बोर्ड के खाली मकान भी लिए जाएंगे। इसके अलावा अब अधिवेशन के अंतिम दिन यानी 26 फरवरी को एक बड़ी सभा का आयोजन पुखौती मुक्तांगन में होगा। जिसमें करीब डेढ़ लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
अधिवेशन का ये है प्लान
- मेला मैदान में एक लाख स्क्वायर फीट में पंडाल तैयार किया जाएगा
- मैदान में ही पार्किंग स्थल और भोजन की व्यवस्था की जाएगी
- पंडाल में कई लेयर तैयार किए जाएंगे, वीआईपी के लिए अलग होगी व्यवस्था
- करीब 9000 लोगों के आने का है अनुमान, सभी के लिए किए जाएंगे होटल बुक
- कुछ लोगों का हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट में भी ठहराया जाएगा
- सोनिया, राहुल, मल्लिकार्जुन जैसे वरिष्ठ मेफेयर होटल ठहरेंगे
- अधिवेशन स्थल आने-जाने के लिए वाहन के साथ बसें भी लगेंगी
सर्किट हाउस की जगह सीधे मेफेयर पहुंचे बंसल
शनिवार को जारी शिड्यूल के मुताबिक केसी वेणुगोपााल, पवन बंसल और तारिक अनवर रायपुर एयरपोर्ट से सर्किट हाउस आने वाले थे। यहां कुमारी सैलजा के साथ मेला मैदान जाना तय था। रविवार को तीनों एयरपोर्ट से सीधे मेफेयर पहुंच गए। वहां पहले से सैलजा पहुंची हुई थीं। बताया जा रहा है, इस बदले शिड्यूल की जानकारी सीएम को नहीं थी। जिसको लेकर अफरातफरी का माहौल हो गया।
रायपुर में ही होगा सीडब्ल्यूसी का चुनाव
अधिवेशन दौरान ही सीडब्ल्यूसी (कांग्रेस वर्किंग कमेटी) का चुनाव भी होगा। बता दें कि यह पार्टी की शीर्षतम कमेटी होती है। इसमें 25 सदस्य होते हैं। जिसमें 13 सदस्यों को अध्यक्ष नामांकित करते हैं, बाकी के लिए चुनाव होता है। करीब 900 एआईसीसी के मेंबर इस चुनाव में वोट देंगे। इसके अलावा भी कई बड़े निर्णय अधिवेशन के दौरान लिए जा सकते हैं।
सीएम ने जताई नाराजगी
मेफेयर में अधिवेशन को लेकर वरिष्ठ नेताओं ने बैठक की। सूत्रों की मानें तो इसके बाद सीएम भूपेश ने वेणुगाेपाल और बंसल से अकेले में बात की। कुमारी सैलजा से कमरे के बाहर जाने का अनुरोध किया गया। अकेले में सीएम ने एयरपोर्ट के बदले हुए शिड्यूल पर नाराजगी जताते हुए कहा, मुझे बदलाव की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने अधिवेशन के लिए जारी सूची पर भी आपत्ति ली। सीएम ने कहा कि कई ऐसे वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को शामिल ही नहीं किया गया है जो दिन-रात मेहनत करते हैं।



