गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले की स्थापना दिवस के मौके पर 10 फरवरी को अरपा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वहीं 1 फरवरी से 10 फरवरी तक इसके तहत खेलकूद, जुंबा, मैराथन, साइक्लोथॉन समेत कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसी के तहत पेंड्रा के हाईस्कूल मैदान में शनिवार को जुंबा डांस के साथ ही अरपा मैराथन का भी आयोजन किया गया।
इसमें जिले की कलेक्टर प्रियंका ऋषि महोबिया, एसपी योगेश पटेल, ASP अर्चना झा और राज्य अजजा आयोग की सदस्य अर्चना पूर्ति सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।एडिशनल एसपी अर्चना झा और डिप्टी कलेक्टर हितेश्वरी बाघे जुंबा डांस पर जमकर थिरकती हुई नजर आईं। दोनों ने पूरे उत्साह के साथ ताल से ताल मिलाते हुए डांस किया। अधिकारियों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और इसे पसंद भी किया जा रहा है। वहीं अधिकारियों को इतने सहज रूप में अपने बीच पाकर लोग भी बहुत खुश नजर आए।
जिला प्रशासन द्वारा जीपीएम जिले के स्थापना दिवस पर हर साल की तहत इस साल भी 10 फरवरी को अरपा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत जन भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 1 फरवरी से विभिन्न खेल गतिविधियां, 4 फरवरी को मैराथन और 5 फरवरी को सायक्लोथॉन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में स्वस्थ एवं समग्र जीवनशैली के लिए अरपा आरोग्यम योग महोत्सव का भी आयोजन 6 से 8 फरवरी तक होगा। इसमें योग आसन, प्राणायाम, ध्यान एवं परामर्श शामिल है।
अरपा आरोग्यम में शामिल होने के लिए पंजीयन कराएं
यह कार्यक्रम दत्तात्रेय गार्डन गौरेला में प्रातः 6 से 8 बजे और शाम 4 से 6 बजे तक रखा गया है। अरपा आरोग्यम में शामिल होने के लिए पंजीयन एवं जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 9399744250 और 8839895403 पर सम्पर्क कर सकते हैं। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। अरपा महोत्सव के लिए मुख्य समारोह 10 फरवरी को आयोजित होगा, लेकिन 1 फरवरी से ही कई कार्यक्रमों का आयोजन हर साल शुरू हो जाता है।
4 फरवरी को हुआ मैराथन का आयोजन
शनिवार को अरपा मैराथन दौड़ का भी आयोजन किया गया, जो हाई स्कूल से शुरू होकर पेंड्रा के अरपा नदी के उद्गम से होते हुए 5 किलोमीटर तक संचालित हुई। इसमें कलेक्टर, एसपी एवं अन्य अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी दौड़ लगाई। जिले भर में अरपा महोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
अरपा महोत्सव के तहत निर्धारित शेड्यूल के अनुसार मैराथन दौड़, सायक्लोथॉन, कबड्डी, खोखो, वॉलीबॉल, गेड़ी, संखली, रस्साकसी का आयोजन किया जाना है। इनमें मैराथन दौड़ और सायक्लोथॉन की प्रतियोगिता जिला स्तर पर होगी। वॉलीबॉल की प्रतियोगिता ब्लॉक और जिला स्तर पर होगी। कबड्डी, खोखो, गेड़ी, संखली, रस्साकसी 1, 2 और 3 फरवरी को ग्राम पंचायत स्तर पर हुई। 6, 7 और 8 फरवरी को ब्लॉक स्तर और 9 फरवरी को जिला स्तर पर इसका आयोजन होगा। जिला स्तर पर मैराथन का आयोजन 4 फरवरी को और साइक्लोथॉन का आयोजन 5 फरवरी को होगा।



