छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल से लौह अयस्क लेकर विशाखापट्टनम जा रही मालगाड़ी डिरेल हो गई। मालगाड़ी के 8 वैगन पटरी से उतर गए हैं। हालांकि, हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। ऐसे में अब केके रेल लाइन में आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि, सुबह से ही रेलवे की टीम मार्ग को बहाल करने में लगी हुई है। रेलवे के अफसरों की माने तो मार्ग बहाल करने में लगभग 36 घंटे का समय लग सकता है।
दरअसल, यह हादसा ओडिशा के शिवलिंगपुरम-बोड्डावरा सेक्शन में टनल-7 से पहले शिवलिंगपुरम यार्ड के पास हुआ है। गुरुवार की सुबह कोत्तावलसा-किरंदुल खंड में 8 लोडेड वैगन पटरी से उतर गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोरापुट विशाखापट्टनम से रेलवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे हैं। साथ ही DRM वाल्टेयर अनूप सतपथी भी मौके पर पहुंचे हैं। फिलहाल मालगाड़ी के डिरेल होने की वजह सामने नहीं आ सकी है। रेलवे के कर्मचारी मार्ग बहाली में लगे हुए हैं।और विशा
टिकट का पैसा होगा रिफंड
इस हादसे की सूचना मिलने के बाद रेलवे ने किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर और नाइट एक्सप्रेस ट्रेन को रद्द कर दिया है। साथ ही जिन यात्रियों ने टिकट बुक की थी उनके रिफंड की व्यवस्था भी की जा रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि, किरंदुल विशाखापट्टनम एक्सप्रेस ट्रेन को कोरापुट में रोका गया है और अब वहीं से ट्रेन को वापस विशाखापट्टनम भेजा जाएगा।



