Home छतीसगढ़ रायपुर में अलग अंदाज में गणतंत्र:एयरपोर्ट पर जवानों ने तानी बंदूक, डॉग्स...

रायपुर में अलग अंदाज में गणतंत्र:एयरपोर्ट पर जवानों ने तानी बंदूक, डॉग्स ने किया सैल्यूट, राज्यपाल ने दी सलामी, सबसे बड़ा तिरंगा भी फहराया

13
0

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गणतंत्र दिवस मनाया गया। कहीं प्रदेश का सबसे बड़ा तिरंगा आसमान की ओर जाता दिखा तो कहीं समाज के लोगों ने लोकतंत्र के इस पर्व का मनाया। प्रदेश की राज्यपाल अनुसुइया उइके ने राजधानी के परेड ग्राउंड में सलामी ली। एयरपोर्ट पर जवानों के हैरतअंगेज मूव्स देखने को मिले। डॉग्स की टीम ने भी सैल्यूट कर देशभक्ति का जज्बा भर दिया।

सबसे पहले राज्यपाल अनुसुईया उइके ने आज प्रदेश की राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। राष्ट्रीय ध्वज एवं राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राज्यपाल उइके ने आसमान में उल्लास को प्रदर्शित करते तीन रंगों के गुब्बारे भी छोड़े। स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति तथा छत्तीसगढ़ी गानों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। राज्यपाल ने समारोह के अंत में राज्य वीरता पुरस्कार प्राप्त बच्चों, केन्द्रीय व राज्य बलों की उत्कृष्ट परेड की टुकड़ी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा श्रेष्ठ विभागीय झांकियों को सम्मानित किया।

सांसद ने किया तिरंगे को नमन
सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। रायपुर सांसद सुनील सोनी ने यहां झंडा फहराया। सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया राष्ट्रीय सचिव महेश सुखरमानी,छत्तीसगढ़ अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने बताया कि कार्यक्रम में लोकतंत्र के महत्व को आम नागरिकों को बताया भी गया। इस मौके पर नितिन कृष्णानी,मोहन वल्यानी,सुनील कुकरेजा,रवि ग्वालानी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

कलेक्टर ने फहराया तिरंगा
गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कलेक्टोरेट में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट में कार्यरत अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कलेक्टर ने ध्वजारोहण कर 74 वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी।