Home छतीसगढ़ गौरेला में बाला कश्यप, पेंड्रा में रामरतन पेंद्रो ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकारी...

गौरेला में बाला कश्यप, पेंड्रा में रामरतन पेंद्रो ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त

26
0

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में कांग्रेस में एक बार फिर गुटबाजी दिखाई देने लगी है। यहां दो ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के कामकाज से असंतुष्ट होकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा दिए गए दायित्वों के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बैठक बुलाई थी, जिसमें बूथ स्तर की कमेटियों को लेकर गौरेला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमोल पाठक और पेंड्रा के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास को भी दायित्व दिया गया था, लेकिन इन दोनों ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की कामकाज की शैली से पहले से ही नाखुश चल रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने दोनों की जगह गौरेला में बाला कश्यप और पेंड्रा में रामरतन पेंद्रो को ब्लॉक कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।

एक साल से बूथ कमेटियों का गठन नहीं किया जा रहा था, इसलिए कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है, तो वहीं ब्लॉक कांग्रेस पेंड्रा के अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास ने इन आरोपों को नकारते हुए इस तरह की किसी भी नियुक्ति की जानकारी होने से इनकार किया है। मरवाही उपचुनाव 2020 के समय से ही इन दोनों ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष का मतभेद सियासी गलियारे में चर्चा का विषय बना हुआ था, जो अभी भी दिखाई दे रहा है।