Home छतीसगढ़ रोहित, विराट, द्रविड़ बोले- रायपुर में और मैच हो:रवि शास्त्री ने बताया...

रोहित, विराट, द्रविड़ बोले- रायपुर में और मैच हो:रवि शास्त्री ने बताया मेलबर्न जैसा मैदान

15
0

21 जनवरी को हुए भारत-न्यूजीलैंड मैच के बाद छत्तीसगढ़ सहित देशभर के क्रिकेट प्रेमियों ने रायपुर स्टेडियम की तारीफ की। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में मैच खेलने के बाद भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, कोच राहुल द्रविड़ सहित खिलाड़ियों, टीम स्टाफ, बीसीसीआई के ऑफिशियल, ऑब्जर्वर, मैच कमेंटेटर्स ने स्टेडियम और पिच की खूब तारीफ की। इस दौरान बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ को यह सौगात देने के लिए बीसीसीआई और जय शाह को धन्यवाद।

यह भी कहा कि भारतीय खिलाड़ी स्टेडियम देखकर प्रभावित हुए हैं। रोहित शर्मा, विराट कोहली और द्रविड़ ने मुझे यहां बीसीसीआई से और मैच करने का आग्रह किया है। वहीं, रवि शास्त्री ने इसे भारत का एमसीजी बताया। एमसीजी यानी कि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड जो ऑस्ट्रेलिया का सबसे बेहतरीन स्टेडियम है।

सुनील गावस्कर और संजय मांजरेकर ने इस स्टेडियम को भारत के बेहतरीन स्टेडियम में से एक बताया। हर्षा भोगले ने ग्राउंड को अच्छा बताने के साथ-साथ यहां के एयरपोर्ट की भी तारीफ की। इसके साथ ही यह कयास लगाया जाने लगा है कि रायपुर में आने वाले दिनों में और भी मैच होंगे।

वानखेड़े, बारामती, ईडन गार्डन भी लीज में

आईसीसी के टूर्नामेंट पर लीज का पेंच फंसा

2023 में होने वाले वनडे वर्ल्डकप के मैच के लिए भी रायपुर को वेन्यू बनाए जाने की उम्मीद लोगों ने लगानी शुरू कर दी है। लेकिन इसमें लीज का पेंच है। फिलहाल स्टेडियम राज्य के खेल विभाग का है। इसके मेंटेनेंस की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी के पास है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (सीएससीएस) सिर्फ पिच और ग्राउंड की देखरेख करता है। नियम के अनुसार जब तक क्रिकेट संघ को लीज में यह स्टेडियम नहीं मिल जाता, तब तक आईसीसी के किसी टूर्नामेंट के मैच के लिए इसे वेन्यू नहीं बनाया जा सकता। स्टेडियम लीज पर मिलने के बाद यहां वर्ल्ड कप के मैच हो सकते हैं।