कोरोना के बाद स्थिति सामान्य होने के बाद रोजगार के लिए हुई भर्ती परीक्षा हो या फिर शिक्षक पात्रता परीक्षा, इनमें महिला उम्मीदवारों की संख्या अधिक रही। वर्ष 2021 और 2022 में कुल 17 विभागों में भर्ती और पात्रता के लिए चयन परीक्षाएं हुईं।
इन परीक्षाओं में 19.26 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें महिलाओं की संख्या 10.34 लाख और पुरुषों की संख्या 8.91 लाख के करीब रही।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सीधी भर्ती के लिए हुई चयन परीक्षा में सबसे अधिक 2.92 लाख से अधिक महिला उम्मीदवारों ने भाग लिया। इनमें से 32 ट्रांसजेंडर भी रहे। इसके अलावा इन दो वर्षों में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 22 प्रवेश परीक्षाएं और 4 बार शिक्षक पात्रता परीक्षाएं भी हुई हैं।
इनमें भी महिला उम्मीदवारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हालांकि अभी वर्ष 2023 का कैलेंडर जारी नहीं किया गया है, लेकिन आने वाले दिनों में विभिन्न विभागों में रिक्तियों की अधिसूचना जारी होनी है।
शिक्षक पात्रता परीक्षा में 3.64 लाख महिलाएं हुईं शामिल
वर्ष-2020 और 2022 में हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा में 3.64 लाख महिला उम्मीदवार शामिल है। इसी तरह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के लिए हुई सीधी भर्ती परीक्षा में 2.92 लाख से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। हालांकि शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों की संख्या 20 रही, लेकिन आंगनबाड़ी सहायिका और कार्यकर्ता में शामिल ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों की सबसे अधिक 32 संख्या रही। आने वाले दिनों में अन्य विभागों में भी भर्ती के लिए चयन परीक्षाएं होनी है, इसमें भी महिला उम्मीदवारों की संख्या अधिक होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।
22 प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हुए 6.80 लाख से अधिक परीक्षार्थी
वर्ष 2021 और 2022 के दौरान 11-11 व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए भर्ती परीक्षाएं ली गईं। इन परीक्षाओं में पीईटी, पीपीटी, पीपीएचटी, प्रीबीएड, प्रीडीएलएड, प्रीएमसीए, पीएटी, पीवीपीटी, प्रीबीए-बीएड, प्रीबीएससी-बीएड, बीएससी नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग आदि प्रवेश परीक्षाएं शामिल हैं। इनमें कुल 6.80 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए। इसमें सबसे अधिक बीएससी नर्सिंग 49,079 परीक्षार्थी रहे। दूसरे नंबर पर पीएटी और पीवीपीटी में 46,485 परीक्षार्थियों की संख्या रही। बी. फार्मेसी में प्रवेश के लिए तीसरे नंबर पर सबसे अधिक परीक्षार्थियों ने किस्मत आजमाई। इनकी संख्या 33,154 रही।
शिक्षक बनने पात्रता परीक्षा में 10.93 लाख हुए शामिल
वर्ष 2020 और वर्ष 2022 में 2-2 बार शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की गई। इस तरह चार बार हुई परीक्षा में कुल 10.93 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए। इसमें सबसे अधिक वर्ष 2022 में कक्षा 1ली से 5वीं तक के शिक्षक के लिए हुई पात्रता परीक्षा में सबसे अधिक 4,41,434 परीक्षार्थी शामिल हुए। इसी वर्ष में इसके बाद कक्षा 6वी से 8वीं तक की कक्षाओं की पात्रता के लिए हुई परीक्षा में 3,64,038 परीक्षार्थी शामिल हुए। यह सभी परीक्षाएं राज्य के मूल निवासी उम्मीदवारों के लिए नि:शुल्क रही थी।



