भारतीय जनता पार्टी विधानसभा के साथ ही लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट गई है। 2019 के लोकसभा चुनाव में जिन सीटों पर पार्टी को हार मिली थी,भाजपा उन सीटों को जीतने की मुहिम में जुट गई है। गृहमंत्री के दौरे को लेकर अंतिम तैयारियों का बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने जायजा लिया।
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज इसी सिलसिले में कोरबा दौरे पर आ रहे हैं। दरअसल, छत्तीसगढ़ की दो लोकसभा सीटें कोरबा और बस्तर में हार का सामना करना पड़ा था। अमित शाह शनिवार को दोपहर 2 बजे BSF के विशेष विमान से रायपुर पहुंचेंगे,और वहां से कोरबा के लिए रवाना होंगे।
BSF के हेलिकॉप्टर से कोरबा जाएंगे
रायपुर एयरपोर्ट से वे सीधे बीएसएफ के हेलिकॉप्टर से कोरबा जाएंगे। वहां मां सर्व मंगला का आशीर्वाद लेने के बाद वे इंदिरा स्टेडियम में आमसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे कोरबा लोकसभा क्षेत्र के कोर ग्रुप की बैठक भी लेंगे। कुछ माह पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी कोरबा का दौरा कर चुके हैं। आने वाले समय में बस्तर में भी केंद्रीय मंत्रियों का दौरा होना है।
तैयारी में जुटे संगठन जिले
कोरबा लोकसभा के अंतर्गत आने वाले चार संगठन जिले के भाजपा कार्यकर्ता केंद्रीय मंत्री अमित शाह के दौरे की तैयारियों में जुटे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने अंतिम तैयारियों का जायजा लिया। साव ने बताया कि सीएसईबी के हेलीपैड पर उतरने के बाद शाह मां सर्वमंगला के दर्शन के लिए जाएंगे।



