कृषि विभाग धान की औसत पैदावार जानने आंकलन शुरू कर दिया है। इसके लिए मानिकपुर गांव में फसल कटाई प्रयोग किया है। आंकलन पूरी होने के बाद नफा-नुकसान की जानकारी मिलेगी। अगर किसानों को किसी कारण से नुकसान हुआ है तो इसकी भरपायी के लिए बीमित फसल का मुआवजा दिया जाएगा।
कृषि विभाग की ओर से हर साल फसल सीजन में फसल कटाई प्रयोग से पैदावार का आंकलन लगाया जाता है। अब जब खरीफ सीजन के धान की फसल पककर तैयार हो गई है तो इसकी कटाई जारी है। बुधवार को कृषि विभाग का अमला कृषि विस्तार अधिकारी टिकेश्वर सिंह के नेतृत्व में फसल कटाई प्रयोग के लिए चिन्हित गांव मानिकपुर व साजाबहरी पहुंचे। कृषक संगवारी हीरालाल मरकाम, फसल बीमा एजेंट शिव पटेल के सहयोग से कृषि अफसरों ने किसान राजकुमार के खसरा नंबर351/1 रकबा 0.341 खसरा नंबर 389 रकबा 0.567 में फसल कटाई प्रयोग कर औसत पैदावार निकाली।
चार चिह्नित जगहों पर होगा फसल कटाई प्रयोग: एडीईओ
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी टिकेश्वर सिंह ने बताया कि खरीफ सीजन में उत्पादित धान के अलावा कपास, बाजरा जैसी फसलों के चार-चार प्रयोग करेंगे और पैदावार की जानकारी लेंगे। उन्होंने पंच-सरपंच व ब्लॉक पंचायत समिति के सदस्यों को फसल कटाई प्रयोग में हरसंभव सहयोग करने कहा।