Home छतीसगढ़ CG में भी मिला ‘द जुरासिक पार्क’:बस्तर में रहते थे शाकाहारी डायनासोर;...

CG में भी मिला ‘द जुरासिक पार्क’:बस्तर में रहते थे शाकाहारी डायनासोर; 90 फीट ऊपर से गिरता झरना भी ढूंढा गया

20
0

छत्तीसगढ़ के बस्तर में बैलाडीला की पहाड़ी में 90 फीट ऊंचे जलप्रपात की स्थानीय युवाओं ने खोज की है। हरी घाटी में स्थित इस जलप्रपात के चारों तरफ ट्री फर्न के सैकड़ों पेड़-पौधे भी मिले हैं। अफसरों का दावा है कि यह जुरासिक काल के हैं। बताया जा रहा है कि बैलाडीला की वादियों में हजारों साल पहले शाकाहारी डायनासोर की प्रजाति रहती थी। उनका मुख्य आहार ट्री फर्न था। ट्री फर्न की पत्तियों को खाकर वे इस जल प्रपात के पानी से अपनी प्यास बुझाते थे। अब स्थानीय लोगों ने भी इस जगह को ‘द जुरासिक पार्क’ नाम दे दिया है।

दंतेवाड़ा जिले में किरंदुल शहर से महज 10 से 12 किमी की दूर बैलाडीला की पहाड़ी में एक जल प्रपात और ट्री फर्न का बगीचा स्थित है। जो आज तक लोगों की नजरों से ओझल था। जिस जगह यह स्थित है उस इलाके को स्थानीय लोग हरी घाटी के नाम से जानते हैं। ये इसलिए क्योंकि, यह इलाका हमेशा घने पेड़-पौधों से हरा-भरा रहता है। हालांकि, यहां तक पहुंचना भी किसी के लिए आसान नहीं है। क्योंकि, आज इन पहाड़ों पर माओवादियों का डेरा है। इसके अलावा NMDC लीज के दायरे में यह आता है। फिर भी घने जंगल पहाड़ी रास्तों का पैदल सफर तय कर स्थानीय युवा यहां पहुंचे। जिसके बाद पहली बार इस जलप्रपात और ट्री फर्न के बगीचे की तस्वीर सामने आई है।

प्रकृति की गोद में स्थित हरी घाटी का यह जल प्रपात में करीब 90 फीट की ऊंचाई से पानी नीचे गिरता है। पानी सफेद मोतियों की तरह नजर आता है। बारिश के दिनों में यहां 3 से ज्यादा धाराएं नीचे गिरती हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि बैलाडीला के पहाड़ी पानी से यह जल प्रपात बनता है। प्रपात से पानी नीचे गिरने के बाद नीचे एक कुंड में जमा होता है। फिर वहां से एक धार में बहकर पास के ही एक बरसाती नाले में जाकर इसका पानी मिल जाता है। इस जल प्रपात तक पहुंचने से पहले ट्री फर्न के पेड़ों के बीच से एक पतली पगडंडी से गुजरना पड़ता है।

बैलाडीला में दूसरी बार ट्री फर्न की हुई पुष्टि

बैलाडीला की पहाड़ी में कई दुर्लभ प्राजाति की वनस्पतियां और जीव-जंतु हैं। इनमें से एक ट्री फर्न भी है। कुछ साल पहले बैलाडीला की पहाड़ी पर आकाश नगर के पास ट्री फर्न के कुछ छोटे-छोटे पेड़ पौधे मिले थे। जिसे राष्ट्रीय औषधि और पादप मंडल ने संरक्षित कर रखा है। ट्री फर्न के मिलने के बाद ही इस बात की पुष्टि हुई थी कि बैलाडीला की पहाड़ी छ्त्तीसगढ़ का एक मात्र ऐसा इलाका था जहां हजारों साल पहले शाकाहारी डायनासोर की प्रजाति रहती थी। वन विभाग के SDO अशोक सोनवानी ने बताया कि, ट्री फर्न के पौधे को पेड़ का रूप लेने में करीब 2 से ढाई हजार साल का समय लगता है।

तस्वीरें आने के बाद बोले- करेंगे संरक्षण

SDO अशोक सोनवानी ने कहा कि, पूरे विश्व में अफ्रीका और अमेरिका के बाद बैलाडीला की पहाड़ी में जुरासिक काल का ट्री फर्न का पौधा है। ट्री फर्न के पेड़-पौधे मिलने के बाद जो रिपोर्ट्स सामने आई थी उसके मुताबिक यह अनुमान लगाया गया था कि, जुरासिक काल में यहां भी शाकाहारी डायनासोर की प्रजाति थी। जिन जगहों पर बहुतायत से ट्री फर्न होते थे वहां डायनासोर की संख्या भी अधिक होती थी। ट्री फर्न के मिलने से डायनासोर के वहां पाए जाने का प्रमाण मिलता है। अब जिन-जिन जगहों पर ट्री फर्न मिले हैं, उन जगहों का संरक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि, इसके लिए ग्रामीणों को भी जागरूक किया जा रहा है।

36 करोड़ साल पुराना पौधा है यह ट्री फर्न
वनस्पतिशास्त्रियों का कहना है, फर्न धरती का आदिम पौधा है। जीवन पानी से शुरू हुआ फिर जमीन पर पनपा। जलीय पौधे खासकर मॉस फूल नहीं बनाते थे। इनको थैलोफाइटा वर्ग में रखा गया है। बाद में फर्न जैसा पौधा आया जो जमीन पर उगता था, लेकिन इसमें फूल नहीं आते। बाद के पौधों में फूल से फल और बीज से जीवनचक्र चला। जमीन पर उगने वाले फूल वाले पौधों को स्परमाटो-फाइटा वर्ग में रखा गया। लेकिन फर्न को वैज्ञानिकों ने टेरिडोफाइटा वर्ग में रखा। यह पौधा हमारी धरती पर 36 करोड़ साल से मौजूद हैं।

करीब सात करोड़ साल पहले तक पृथ्वी पर इसकी बहुतायत थी। अब जंगलों में इसके कुछ सेंटीमीटर के पौधे ही मिलते हैं घरों में सजावटी पौधों की तरह गमलों में उगाया जाता है। धरती की शुरुआत में यह 30 फीट तक ऊंचा पेड़ हुआ करता था। अभी जो कोयला हम निकाल रहे हैं, उसका अधिकांश हिस्सा इस फर्न के जीवाष्म से ही बना है। विशेषज्ञों का कहना है, अभी जो पौधे बस्तर में मिले हैं वह कम से कम दो हजार साल पुराने होंगे। क्योंकि इसका पौधा बहुत धीमी गति से बढ़ता है। अधिकतर क्षेत्रों में यह बढ़ ही नहीं पाता।