कलक्टर कुन्दन कुमार ने स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में कोई भी लापरवाही न करने तथा अवैध रूप से संचालित क्लीनिक, मेडिकल स्टोर्स एवं तथाकथित चिकित्सकों पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं। अप्रशिक्षित तथा बिना डिग्रीधारी तथाकथित चिकित्सकों द्वारा अवैध क्लीनिक के माध्यम से मनमाने ढंग से पैसे लेकर गलत उपचार किया जाता है फलस्वरूप सही उपचार न मिलने से मरीजों की स्थिति गंभीर हो जाती है। प्रशासन ऐसे अवैध गतिविधियों के विरूद्ध कार्यवाही कर रही है। इसी कड़ी में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रामानुजगंज गौतम सिंह एवं खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कैलाश कैवर्त्य एवं दल द्वारा नर्सिंग होम एक्ट के तहत ग्राम बरवाही में झोलाछाप क्लीनिक संचालक राजेन्द्र गुप्ता द्वारा 1 मरीज का एलोपैथिक इलाज एवं बरवाही के ही मोहम्मद अली के घर अवैध रूप से क्लीनिक संचालन पाये जाने पर पंचनामा तैयार करते हुए क्लीनिक को सील बंद किया गया। इसी प्रकार ग्राम आनंदपुर में मोहम्मद वसीम के घर अवैध क्लीनिक खोलकर मरीजों का इलाज किया जा रहा था, जिसे अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं उनके टीम द्वारा पंचनामा तैयार कर सील कर दिया गया है।



