Home देश आतंकियों ने कराची में सीखे थे दहशत फैलाने के तरीके, पाकिस्तानी सेना...

आतंकियों ने कराची में सीखे थे दहशत फैलाने के तरीके, पाकिस्तानी सेना ने दी थी ट्रेनिंग

21
0

भारत (India) में दहशत फैलाने की साजिश कर रहे 6 आतंकवादी (6 Terrorists Arrested) अलग-अलग राज्यों में मंगलवार को पुलिस के हत्थे चढ़े थे. अब CNN-News18 को इनकी यात्रा और ट्रेनिंग से जुड़ी कई चौंकाने वाली जानकारियां मिली हैं. पता चला है कि इनकी ट्रेनिंग कराची से कुछ दूरी पर स्थित एक फार्महाउस पर हुई थी, जहां पाकिस्तानी सेना (Pakistan Army) के जवानों ने इन्हें प्रशिक्षित किया था. यहीं इन्हें बताया गया था कि ‘कैसे ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाना है.’ इसके अलावा ये आतंकी दो देशों से गुजरते हुए पाकिस्तान पहुंचे थे.

सबसे पहले ये आतंकी समूह ओमान की राजधानी मस्कट पहुंचा था. यहां ये 10 दिनों के क्वारंटीन में रहे और बाद में समुद्री रास्ते से ईरान भेजे गए. ईरान से आतंकी नाव के जरिए कराची पहुंचे. कराची पहुंचने के बाद वे शहर से बाहर स्थित एक फार्महाउस में रुके. पाकिस्तानी सेना के तीन जवानों ने इन्हें नक्शा पढ़ने और बम बनाने की ट्रेनिंग दी. उन्हें बताया गया कि कैसे घनी आबादी वाले को लक्ष्य बनाकर ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाना है.

दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश एटीएस के साथ मिलकर इस आतंकी मॉड्यूल का खुलासा किया था. पुलिस ने बताया कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का भाई अनीस भी इस टीम का सदस्य था और हवाला के जरिए इन्हें आर्थिक मदद दी जा रही थी. गिरफ्तार हुए इन आतंकियों की पहचान महाराष्ट्र के जान मोहम्मद शेख (47), दिल्ली के ओसामा (22), उत्तर प्रदेश की रायबरेली के मूलचंद (47), इलाहबाद के जीशान कमर (28), बहराइच के मोहम्मद अबु बकर (23) और लखनऊ के मोहम्मद आमिर जावेद (31) के रूप में हुई है.