CMAT-2021 : एनटीए ने सीमैट-2021 परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है. इसके अलावा एआईसीटीई परीक्षा पैटर्न में बदलाव करते हुए इसमें 25 प्रश्नों का एक नया सेक्शन भी जोड़ दिया है.
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए ने कॉमन मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट (CMAT)-2021 के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि एक बार फिर से बढ़ा दी है. अभ्यर्थी अब 01 मार्च तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. जबकि फीस के पेमेंट के लिए 02 मार्च तक का समय दिया गया है.
मार्च के अंतिम सप्ताह तक होगी परीक्षा
बता दें कि एजेंसी ने पिछले दिनों ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (AICTE) द्वारा परीक्षा पैटर्न में बदलाव की वजह से इसे स्थगित कर दिया था. साथ ही रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि भी 25 फरवरी तक कर दी थी. अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी cmat.nta.nic.in पर विजिट कर सकते हैं. एजेंसी ने कहा है कि परीक्षा का आयोजन अब मार्च के अंतिम सप्ताह या अप्रैल के प्रथम सप्ताह में होगा.
परीक्षा पैटर्न में हुआ है ये बदलाव
एआईसीटीई ने इस परीक्षा में एक नया सेक्शन जोड़ा है. यह उन अभ्यर्थियों के लिए है जो इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप में रुचि रखते हैं और इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप वेंचर डेवलपमेंट में एमबीए/पीजीडीसीएम करना चाहते हैं. यह प्रश्न पत्र में अतिरिक्त/वैकल्पिक खंड के तौर पर होगा. यानी सबके लिए अनिवार्य नहीं होगा. इस सेक्शन में कुल 25 प्रश्न होंगे. जिनका उत्तर देने के लिए 30 मिनट का समय दिया जाएगा.
पहले से आवेदन कर चुके अभ्यर्थी करें ये काम
नोटिफिकेशन में कहा गया है कि जो अभ्यर्थी परीक्षा पैटर्न में बदलाव से पहले आवेदन कर चुके हैं और नए सेक्शन के प्रश्न सॉल्व करना चाहते हैं वह एनटीए की वेबसाइट पर करेक्शन विंडो में जाकर जाकर अपने आवेदन को एडिट कर सकते हैं. नोटिफिकेशन में कहा गया है कि किसी अन्य तरह की स्पष्टता के लिए अभ्यर्थी एनटीए की हेल्प डेस्क की मदद ले सकते हैं. उसका नंबर है- 01206895200 और ईमेल आईडी cmat@nta.ac.in है.



