Income tax raid and surveys: प्रदेश में पिछले चार दिन से 3 कारोबारी समूहों के ठिकानों पर चल रही कार्रवाई में कई चौंकाने वाले खुलासे हुये हैं. इनमें जेम्स एंड ज्वेलरी के कारोबारी के घर में एक सुरंग (Tunnel) मिली है. उसमे डिजिटल डेटा को छिपाये हुये थे.
प्रदेश में गत चार दिन से तीन कारोबारी समूहों (Business groups) के विभिन्न ठिकानों पर चल रही आयकर छापों और सर्वे (Income tax raid and surveys) की कार्रवाई में चौंकाने वाले खुलासे हुये हैं. चार दिन से आयकर विभाग की करीब 40 टीमें में 200 अधिकारी-कर्मचारी काला धन खोद-खोदकर निकालने में जुटे हैं. 19 जनवरी को तड़के 4 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में अब तक करीब 1400 करोड़ रुपये की अघोषित संपत्ति का खुलासा हो चुका है. केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड अनुसार इनमें दो बिल्डर्स समूह और एक ज्वेलर्स समूह शामिल है.
इन कारोबारियों के कुल 31 ठिकानों कार्रवाई की जा रही है. इनमें 20 ठिकानों पर रेड डाली गई है और 11 ठिकानों पर सर्वे की कार्रवाई की जा रही है.
इनमें काला धन मिलने के दौरान सबसे चौंकाने वाला खुलासा जेम्स एंड ज्वेलरी के कारोबारी के यहां हुआ है. इस कारोबारी के घर में एक सुरंग मिली है. उसमें इसने अपने काले धन से जुड़े डिजिटल डेटा को छिपा रखा था. इसके लिये एक कमरे में एक दीवार के आगे दूसरी दीवार खड़ी की गई थी. दोनों दीवारों के बीच के भाग को खोदकर गहरा कर दिया था. उसके बाद उसमें काले धन की गवाही देने वाले डिजिटल डेटा को छिपाया हुआ था.
बेशकीमती प्रीसियस और सेमी प्रीसियस स्टोन्स मिले हैं
जेम्स एंड ज्वेलरी का कारोबार करने वाले इस समूह पर छापे की कार्रवाई में भारी मात्रा में बेशकीमती प्रीसियस और सेमी प्रीसियस स्टोन्स, सोने-चांदी की ज्वैलरी , एंटिक आभूषण, हस्तशिल्प, कालीन और कपड़ों का बड़ा भंडार मिला है. इस कारोबारी के घर में बनी गुफा में पिछले छह साल में किए सोने और चांदी के आभूषणों के बेहिसाब निर्माण और विक्रय का काला चिठ्ठा मिला है. जबकि गुफा के अंदर ही 15 करोड़ रुपए से ज्यादा की बेनामी संपत्ति से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं. हैरानी की बात ये है की इस कारोबारी द्वारा ना तो आयकर रिटर्न में ये इनकम और कारोबार को दर्शाया गया है और ना ही बही-खातों में इनका इंद्राज किया गया है.
आयकर विभाग की टीमें सीक्रेट कोडस को डिकोट करने में जुटी हुई हैं
जेम्स एंड ज्वेलरी कारोबारी के घर के भीतर की गुफा में मिले दस्तावेजों में अल्फा-न्यूमेरिक सीक्रेट कोड के भारी पैमाने पर दस्तावेज मिले हैं. इन सीक्रेट कोड में ही कारोबारी के प्रत्येक आइटम की वास्तविक बिक्री की कीमत छुपी हुई है. आयकर विभाग की टीमें इन सीक्रेट कोडस को डिकोट करने में जुटी हुई हैं. गुप्त गुफा से दो हार्ड-डिस्क और कई पेन-ड्राइव भी जब्त किए गए हैं. आयकर अधिकारी आईटी एक्सपर्ट से हार्ड डिस्क और पेन ड्राइव के डेटा की डिटेल को निकलवा रहे हैं. जेम्स एंड ज्वेलरी कारोबारी समूह के ठिकानों से मिले दस्तावेजों में विदेशी यात्रियों को बड़ी कीमतों पर बेची गई ज्वेलरी का खुलासा हुआ है. वहीं नियम विरुद्ध 122 करोड़ रुपए का नकद लोन लेने के दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं. जेम्स एंड ज्वेलरी कारोबारी समूह से ठिकानों से अब तक 525 करोड़ रुपए की अघोषित संपत्ति के दस्तावेज जब्त किए जा चुके हैं.



