बुधवार सुबह की शुरुआत ही कोहरे से हुई है। सुबह 7.30 बजे ही घना कोहरा देखने को मिला है। दृश्यता भी 1200 मीटर तक रही है। पर कई जगह ओर हाइवे पर ये 200 मीटर तक रही है, जिस कारण वाहन चालकों को दिन में ही गाड़ियों की लाइट जलानी पड़ी। तापमान 14.8 डिसे रिकॉर्ड किया गया है। अन्य दिनों की तुलना में शहर के लोगों को अधिक सर्दी का अहसास हुआ है।
अंचल का मौसम अब तेजी से बदलने लगा है। मंगलवार को जहां सीजन का पहला कोहरा देखने को मिला था। वहीं दिन का तापमान भी 22.9 डिसे रहा जो प्रदेश में सबसे कम रहा था। साथ ही 11 साल का रिकॉर्ड भी तोड़ा था। अब बुधवार की शुरुआत कोहरे के साथ हुई है। हालांकि कोहरा बीते दिन की तरह घना नहीं था पर सुबह-सुबह तापमान कम होने के चलते ठंड का अहसास जरूर हुआ है। बुधवार को भी दिन का तापमान कम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अब लगातार तापमान गिरने की संभावना जताई है।
फिर छाएंगे बादल
मौसम विभाग की माने तो 22 नवंबर के आसपास एक बार फिर पश्चिम विक्षोभ बनेगा और आसमान में बादल छाएंगे। साथ ही बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान भी बदलेगा।