Home छत्तीसगढ़ मरवाही उपचुनाव:पूर्व सीएम रमन सिंह बोले- अपराध, आंतक, अत्याचार की भूपेश सरकार...

मरवाही उपचुनाव:पूर्व सीएम रमन सिंह बोले- अपराध, आंतक, अत्याचार की भूपेश सरकार को देना होगा करारा जवाब

30
0

मरवाही विधानसभा उपचुनाव के मद्देनज़र गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी का प्रचार अभियान ‘विजय संकल्प’ में बदल गया है। भाजपा ने अपने दिग्गज नेताओं की फौज अब चुनावी समर में उतार दी है। भाजपा ने इस रैली के बहाने कांग्रेस और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। भाजपा नेताओं ने प्रत्याशी डॉ. गंभीर सिंह को जिताकर सकारात्मक बदलाव की बात कही है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, प्रदेश में आतंक की सरकार चल रही है। इस सरकार को विकास से कोई मतलब नहीं है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश के विकास पर कभी भी चर्चा नहीं करते हैं। केवल कपोल-कल्पनाएं कर वास्तविकता और सार्थक मुद्दों पर चर्चा से बचना चाहते हैं। अपराध, आंतक, अत्याचार वाली इस भूपेश सरकार को करारा जवाब देना होगा।

केंद्र की कई संवेदनशील योजनाएं, लेकिन मरवाही में सब गायब

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवेदनशीलता से योजनाएं बनाई हैं, लेकिन मरवाही में उनका पता ही नहीं है। वनवासियों के विकास के लिये जितनी भी योजना केंद्र सरकार चला रही है, उसका लाभ मरवाही के अंतिम व्यक्ति तक यह प्रदेश सरकार नहीं पहुंचने दे रही है।

कांग्रेस सरकार को प्रदेश के विकास की चिंता नहीं
केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि हमारी भावनाओं के मुताबिक छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ है। प्रदेश की मौजूदा कांग्रेस सरकार को छत्तीसगढ़ के विकास की चिंता नहीं हैं। केंद्र सरकार द्वारा भेजे जा रहे पैसे का यहां सही उपयोग नहीं हो रहा है। पूर्व मंत्री व उपचुनाव प्रभारी अमर अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर चुनाव को प्रभावित करना चाहती है।

भाजपा प्रत्याशी डॉ. गंभीर सिंह ने कहा कि आपकी सेवा में हमेशा ही सक्रिय रहा हूं और भविष्य में भी रहूंगा। हम सब मरवाही के विकास के लिए जो सपना देख रहे हैं, उसे एकजुटता से पूरा करने संकल्पित होने की जरूरत है। इस दौरान कई युवाओं के भाजपा ने विजय संकल्प का समर्थन करते हुए भाजपा में प्रवेश लिया।