Home छत्तीसगढ़ कोरबा की प्राइवेट कंपनी में वारदात:सुरक्षा गार्ड को पीटा और लॉकर में...

कोरबा की प्राइवेट कंपनी में वारदात:सुरक्षा गार्ड को पीटा और लॉकर में रखे 30 लाख रुपए लूटकर ले गए बदमाश, चेक पोस्ट से बेहद करीब हुई घटना

39
0

कोरबा के दीपका इलाके में शनिवार रात 30 लाख से ज्यादा की लूट हो गई। बदमाश देर रात चोरी की नीयत से आए थे। मगर, पकड़े जाने पर रुपए लूटकर भाग गए। घटना गेवरा के पास एक प्राइवेट कंपनी के दफ्तर में हुई है। सुबह से मौके पर पुलिस की विशेष जांच टीम और डॉग स्क्वॉड पहुंची और आरोपियों का सुराग तलाशने में जुटी। एसपी अभिषेक मीणा के मुताबिक, घटना को 4 लोगों ने अंजाम दिया है। कंपनी के गार्ड ने इन्हें देख लिया था। गार्ड के साथ मारपीट की गई और वारदात को अंजाम दिया। लूट की रकम फिलहाल स्पष्ट नहीं है। लेकिन एक अनुमान के मुताबिक लगभग 30 लाख रुपए लूटे गए हैं।

सीआईएसएफ को खबर नहीं
एसपी ने बताया कि जहां वारदात हुई वहां से महज 100 मीटर की दूरी पर सीआईएसएफ का चेक पोस्ट है। अब चेक पोस्ट पर भी पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना रात के करीब 3 बजे हुई थी। पुलिस को आशंका है कि इस लूट की वारदात में कंपनी का कोई व्यक्ति भी शामिल होगा। सभी से पूछताछ की जा रही है। एसीबी नाम की माइनिंग कंपनी में कर्मचारियों के भुगतान के लिए रुपए रखे गए थे। क्षेत्र में इसे अब तक की सबसे बड़ी लूट की वारदात बताया जा रहा है।

कैमरा भी नहीं कर रहा काम
रात के अंधेरे में लुटेरे अपने साथ लोहे की रॉड लेकर आए थे। जब गार्ड ने इन्हें देख लिया और पकड़ने की कोशिश की तो इसी रॉड से उसका सिर फोड़ दिया। जब आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग गए, तब खुद को संभालते हुए गार्ड ने संस्था के प्रमुख लोगों को घटना की जानकारी दी। आसपास के इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इनकी जांच करने पर पता चला कि कैमरे खराब हैं। अब पुलिस पुराने निगरानी शुदा बदमाशों से भी इस मामले में पूछताछ कर रही है।