रकुलप्रीत (Rakul preet singh) ने याचिका दायर कर यह निर्देश देने की मांग की थी कि सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े ड्रग्स केस में उनसे जुड़ी खबर मीडिया में ना तो पब्लिश की जाए और ना ही दिखाई जाए.
नई दिल्ली. सुशांत सिंह राजपूत की मौत (Sushant singh rajput death case) के मामले से जुड़े ड्रग्स केस में फंसीं बॉलीवुड एक्टर रकुलप्रीत सिंह (Rakul preet singh) की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High court) ने मंगलवार को सुनवाई की. इस दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने सरकार व अन्य को नोटिस जारी किया है. हाईकोर्ट अब इस मामले की अगली सुनवाई 15 अक्टूबर को करेगा. रकुलप्रीत ने याचिका दायर कर यह निर्देश देने की मांग की थी कि सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े ड्रग्स केस में उनसे जुड़ी खबर मीडिया में ना तो पब्लिश की जाए और ना ही दिखाई जाए.
मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान रकुलप्रीत सिंह के वकील ने कहा कि एक्ट्रेस के खिलाफ आपराधिक मामला नहीं चल रहा है. लेकिनइस दौरान मीडिया लगातार उनके खिलाफ गलत खबरें चला रहा है. इसके कारण रकुलप्रीत सिंह की इमेज खराब हो रही है. इसके साथ ही परिवार और दोस्तों पर भी बुरा असर पड़ रहा है.
वकील ने मांग की है कि मीडिया पर रकुल प्रीत से जुड़ी किसी भी खबर को दिखाने पर रोक लगाई जाए. याचिका में रकुलप्रीत सिंह ने कहा है कि मीडिया में खबरों पर तब तक रोक लगाई जाए जब तक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) अपनी जांच पूरी करके रिपोर्ट दाखिल नहीं कर देता. बता दें कि ड्रग्स मामले की जांच कर रही एनसीबी ने इस केस में नाम आने के बाद दीपिका पादुकोण, श्रद्धा कपूर, सारा अली खान और रकुलप्रीत सिंह समेत कई अन्य से समन जारी कर पूछताछ की थी.



