केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) ने रविवार को बताया कि देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) के लिए जांच की क्षमता को बढ़ाते हुए एक दिन में सात लाख से अधिक नमूनों की जांच की गयी है और अब तक कुल 2,41,06,535 नमूनों की जांच की जा चुकी है. मंत्रालय ने कहा कि देश में स्वस्थ हुए कोविड-19 (Covid-19) संक्रमितों की संख्या भी बढ़कर 14,80,884 हो गयी है. पिछले 24 घंटे में 53,879 कोरोना वायरस रोगियों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गयी है. एक दिन में यह सही होने वाले रोगियों की सर्वाधिक संख्या है. रोगियों के सही होने की दर अब बढ़कर 68.78 प्रतिशत हो गयी है. वहीं, संक्रमण से मृत्यु दर कम होकर 2.01 प्रतिशत हो गयी है.
मंत्रालय ने कहा कि एक दिन में जांच की संख्या तेजी से बढ़ रही है और भारत में पिछले कई दिन से रोजाना छह लाख से अधिक नमूनों की जांच की जा रही है. वैज्ञानिक और आईसीएमआर के मीडिया समन्वयक डॉ लोकेश शर्मा ने कहा, ‘‘शनिवार को रिकॉर्ड 7,19,364 नमूनों की जांच की गयी जो एक दिन में सर्वाधिक है. भारत में कोविड-19 का पता लगाने के लिए प्रति मिनट करीब 500 नमूनों की जांच की जा रही है और प्रतिदिन जांच क्षमता बढ़ गयी है.’’
रविवार को आए रिकॉर्ड नए मामले
बता दें भारत में कोविड-19 के एक दिन में रिकॉर्ड 64,399 नए मामले आने के साथ ही रविवार को संक्रमण के कुल मामले 21 लाख का आंकड़ा पार कर गए, जबकि 861 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 43,379 हो गई. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 53,879 और लोगों के इस वैश्विक महामारी से उबरने के बाद स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 14,80,884 हो गई है. इसके साथ ही स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर 68.78 फीसदी हो गई है. मृतकों की दर गिरकर 2.01 प्रतिशत रह गई है.
लगातार तीसरे दिन 60 हजार से ज्यादा केस
मंत्रालय ने बताया कि देश में इस समय 6,28,747 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं. देश में कोरोना वायरस के कुल मामले बढ़कर 21,53,010 हो गए हैं जिनमें से 43,379 मरीजों की मौत हो चुकी है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मृतकों में शामिल 70 प्रतिशत से अधिक लोगों को पहले से ही अन्य बीमारियां थीं.



