Home देश अलीबाबा और जैक मा को भारत की कोर्ट ने भेजा समन, पूर्व...

अलीबाबा और जैक मा को भारत की कोर्ट ने भेजा समन, पूर्व कर्मचारी ने फेक न्यूज़ फैलाने का लगाया है आरोप

50
0

गुरुग्राम की एक अदालत ने चीन की कंपनी अली बाबा (Alibaba) और उसके फाउंडर जैक मा ( Jack Ma) को समन भेजा है. दरअसल कोर्ट ने ये कार्रवाई यूसी न्यूज़ (UC News) में काम करने वाले एक पूर्व कर्मचारी की शिकायत के बाद की है. बता दें कि यूसी न्यूज़ अली बाबा की ही कंपनी है. आपको याद होगा कुछ हफ्ते पहले भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए चीन की 59 एप को बैन किया था जिसमें यूसी न्यूज़ और यूसी ब्राउजर भी शामिल है.

कोर्ट में हाजिर होना होगा
गुरुग्राम के एक जिला कोर्ट की सिविल जज सोनिया शेओकंद ने अलीबाबा, जैक मा और करीब दर्जन भर लोगों के खिलाफ समन जारी किया है. इसके मुताबिक इन सबको 29 जुलाई तक खुद कोर्ट में पेश होना होगा. या फिर इन्हें अपने वकील को कोर्ट में भेजना होगा. इसके अलावा जज ने कंपनी और उसके अधिकारियों से 30 दिन के भीतर लिखित में जवाब देने को भी कहा है.

क्या है कंपनी पर आरोप?

केस करने वाले पूर्व कर्मचारी पुष्पेंद्र सिंह परमार का कहना है कि कंपनी के ऐप पर फेक न्यूज फैलाई जा रही थी. उसके खिलाफ उन्होंने आवाज़ उठाई तो उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया. अपनी शिकायत में उन्होंने ये भी आरोप लगाया है कि कंपनी ऐसे कंटेंट को सेंसर करती थी, जो चीन के खिलाफ हो. 20 जुलाई की कोर्ट की फाइलिंग के मुताबिक अलीबाबा यूसी ब्राउजर और यूसी न्यूज ऐप से फेक न्यूज चलाते थे, जिससे सामाजिक और राजनीतिक अस्थिरता पैदा हो.
फेक न्यूज़ फैलाने का आरोप
पुष्पेंद्र सिंह परमार गुरुग्राम में अक्टूबर, 2017 तक UC Web में एसोसिएट डायरेक्टर के पद पर काम करते थे. परमार ने हर्जाने के तौर पर 2,68,000 डॉलर की मांग की है. परमार ने अपनी याचिका में यूसी न्यूज़ के कुछ पोस्ट्स के क्लिप्स भी लगाए हैं. इन क्लिप्स में दी गई खबरों को परमार ने फर्जी करार दिया है. 2017 के एक न्यूज़ क्लिप में लिखा है ‘आज मध्यरात्रि से 2,000 रुपये के नोट बैन हो जाएंगे. वहीं, 2018 के एक पोस्ट की हेडलाइन में कहा गया है कि ‘अभी-अभी भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध शुरू हो गया है.’ हालांकि समाच एजेंसी रॉयटर्स ने इन क्लिप्स की पुष्टि नहीं की है.