Home देश 10 ग्राम सोने के लिए 52 हजार रुपये खर्च करने के लिए...

10 ग्राम सोने के लिए 52 हजार रुपये खर्च करने के लिए रहें तैयार! आज 475 रुपये हुआ महंगा

61
0

नई दिल्ली. डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट और कोरोना वायरस महामारी के लगातार बढ़ते मामलों की वजह से कीमती धातुओं के भाव में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है. सोने के भाव में (Gold Price Today) शुक्रवार को भी रिकॉर्ड तेजी देखने को मिली. दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोने की कीमत में 475 रुपये प्रति 10 ग्राम का इजाफा हुआ. हालांकि, शुक्रवार को चांदी के दाम (silver Price Today) में हल्की गिरावट दर्ज की गई है. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोना-चांदी के भाव में तेजी दर्ज की जा रही है. जानकारों का मानना है कि इस साल सोना अब तक के सबसे रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है.

सोने की नई कीमतें (Gold Price on 24 July 2020) – शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव में 475 रुपये प्रति 10 ग्राम का इजाफा हुआ है. इसके बाद 10 ग्राम सोने का भाव 51,946 रुपये के नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है. इसके पहले सोने का दाम 51,471 रुपये प्रति 10 ग्राम था. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 1,897 डॉलर प्रति आउंस पर पहुंच गया है. यहां भी पीली धातु में लगातार तेजी देखने को मिल रही है.

चांदी की नई कीमतें (Silver Price on 24 July 2020) – चांदी की बात करें तो शुक्रवार को इसमें 109 रुपये प्रति किलोग्राम की कमी आई, जिसके बाद अब नया भाव 62,262 रुपये पर आ गया है. इसके पहले चांदी का भाव 62,371 रुपये प्रति किलोग्राम था. अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का नया भाव 22.70 डॉलर प्रति आउंस पर पहुंच गया है. यहां आज चांदी के भाव में तेजी देखने को मिल रही है.

क्यों इतनी तेजी से बढ़ रहे सोने-चांदी के दाम?
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनलिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपये में 8 पैसे की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद यह 74.83 के स्तर पर आ पहुंच गया है. डोमेस्टिक इक्विटी सेंटीमेंट और अमेरिका व चीन के बीच बढ़ते तनाव की वजह से इन्वेस्टर्स सतर्क दिखाई दे रहे हैं.

उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के मामले लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं और दूसरी तरफ अमेरिका और चीन के बीच तनाव ने भी ​इन्वेस्टर्स को सुरक्षित निवेश विकल्प चुनने के लिए मजबूर किया है. यही कारण है कि इन कीमती धातुओं के भाव में तेजी देखने को मिल रही है.