Home देश 56 साल की उम्र में भी NIA में नौकरी का मौका, 92000...

56 साल की उम्र में भी NIA में नौकरी का मौका, 92000 तक सैलरी

5
0

अगर आप सरकारी नौकरी कर रहे हैं और देश की प्रमुख जांच एजेंसी में काम करने का मौका तलाश रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI), हेड कांस्टेबल और डेटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 100 पदों पर भर्ती निकाली है. इस भर्ती की खास बात यह है कि अधिकतम 56 साल की उम्र तक के पात्र उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 25,500 रुपये से लेकर 92,300 रुपये तक के वेतनमान में सैलरी मिलेगी. यह भर्ती सामान्य सीधी भर्ती नहीं है, बल्कि प्रतिनियुक्ति यानी डेप्‍युटेशन के आधार पर की जा रही है. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 21 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 20 दिसंबर 2026 तक ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं.

NIA में किन पदों पर निकली है भर्ती?
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने कुल 100 खाली पदों को भरने के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है. इनमें सबसे ज्यादा पद हेड कांस्टेबल के हैं.भर्ती के तहत असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (Assistant Sub-Inspector) के 23 पद भरे जाएंगे. इसके अलावा हेड कांस्टेबल (Head Constable) के 53 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.वहीं डेटा एंट्री ऑपरेटर (Data Entry Operator) के 35 पदों पर भी उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा.इस तरह तीनों पदों को मिलाकर कुल 100रिक्तियां हैं. इन सभी पदों के लिए आवेदन ऑफलाइन माध्यम से स्वीकार किए जा रहे हैं.

56 साल तक की उम्र वाले भी कर सकते हैं आवेदन
NIA की इस भर्ती की सबसे खास बात उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा है.आमतौर पर कई सरकारी भर्तियों में अधिकतम उम्र 30 से 40 साल के आसपास होती है, लेकिन NIA ने इस भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 56 वर्ष निर्धारित की है.इसका मतलब है कि संबंधित पदों के लिए जरूरी योग्यता और अन्य शर्तें पूरी करने वाले 56 साल तक की उम्र के पात्र उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं.उम्मीदवारों की उम्र की गणना आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख यानी 20 दिसंबर 2026 के आधार पर की जाएगी.यह समझना जरूरी है कि केवल उम्र की शर्त पूरी करने से उम्मीदवार आवेदन के पात्र नहीं हो जाएंगे. उन्हें प्रतिनियुक्ति और संबंधित पद की अन्य पात्रता शर्तें भी पूरी करनी होंगी.

क्या 12वीं पास उम्मीदवार भी कर सकते हैं आवेदन?
NIA की इस भर्ती में हेड कांस्टेबल के पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता कम से कम 12वीं पास रखी गई है.
किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण या इसके समकक्ष योग्यता रखने वाले उम्मीदवार इस पद की शैक्षणिक योग्यता पूरी करते हैं.यह भर्ती प्रतिनियुक्ति के आधार पर है. इसलिए केवल 12वीं पास होना पर्याप्त नहीं है.आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को संबंधित विभागीय सेवा और प्रतिनियुक्ति से जुड़ी निर्धारित शर्तें भी पूरी करनी होंगी.इसलिए जो उम्मीदवार अभी किसी सरकारी विभाग में कार्यरत नहीं हैं और पहली बार सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करना चाहते हैं उन्हें इस भर्ती को सामान्य फ्रेशर वैकेंसी नहीं समझना चाहिए.
असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के लिए क्या योग्यता चाहिए?

NIA में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के 23 पदों पर भर्ती की जाएगी.इन पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से ग्रेजुएट होना जरूरी है.इसके अलावा उम्मीदवार के पास संबंधित क्षेत्र में कम से कम दो साल का अनुभव भी होना चाहिए.यह अनुभव आपराधिक मामलों की जांच, खुफिया कार्य, ऑपरेशंस या सूचना प्रौद्योगिकी प्रबंधन से जुड़े कार्यों में होना चाहिए यानी ऐसे उम्मीदवार जो पहले से संबंधित सरकारी विभागों में काम कर रहे हैं और इन क्षेत्रों का अनुभव रखते हैं, निर्धारित प्रतिनियुक्ति शर्तें पूरी करने पर आवेदन कर सकते हैं.

डेटा एंट्री ऑपरेटर के लिए IT सर्टिफिकेट जरूरी
NIA ने डेटा एंट्री ऑपरेटर के 35 पदों पर भी भर्ती निकाली है.इन पदों के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) या स्वायत्त सरकारी संस्थानों में कार्यरत पात्र अधिकारी आवेदन कर सकते हैं.उम्मीदवार अपने मूल कैडर या विभाग में नियमित आधार पर समकक्ष पद पर कार्यरत होना चाहिए.इसके साथ ही उसके पास सूचना प्रौद्योगिकी यानी IT में ‘O’ लेवल या ‘A’ लेवल का सर्टिफिकेट होना जरूरी है.इसलिए डेटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपनी विभागीय स्थिति और IT सर्टिफिकेट से जुड़ी पात्रता की जांच जरूर कर लेनी चाहिए.

NIA में कितनी मिलेगी सैलरी?
राष्ट्रीय जांच एजेंसी में चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार अलग-अलग वेतनमान में सैलरी दी जाएगी.
असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के पद पर चयनित उम्मीदवारों के लिए वेतनमान 29,200 रुपये से 92,300 रुपये प्रति माह निर्धारित किया गया है.हेड कांस्टेबल के पदों के लिए वेतनमान 25,500 रुपये से 81,700 रुपये प्रति माह होगा.वहीं डेटा एंट्री ऑपरेटर के पदों पर चयनित उम्मीदवारों को 29,200 रुपये से 92,300 रुपये प्रति माह के वेतनमान के अनुसार भुगतान किया जाएगा.इसके अलावा चयनित उम्मीदवारों को लागू सरकारी नियमों के अनुसार अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.

NIA Recruitment 2026: कब तक कर सकते हैं आवेदन?
राष्ट्रीय जांच एजेंसी की इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है.उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए 20 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है.आवेदन केवल ऑफलाइन माध्यम से किया जाएगा.इसलिए उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन फॉर्म भरकर जरूरी दस्तावेजों के साथ दिए गए पते पर डाक से भेजना होगा.उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन भेज दें ताकि डाक पहुंचने में देरी की वजह से परेशानी न हो.

NIA के 100 पदों के लिए आवेदन कैसे करें?
NIA में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा.वेबसाइट पर भर्ती या Recruitment सेक्शन में संबंधित पदों के लिए जारी नोटिफिकेशन देखना होगा.इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए आवेदन फॉर्म को डाउनलोड करना होगा.फॉर्म डाउनलोड करने के बाद उसका प्रिंट आउट निकाल लें और उसमें मांगी गई सभी जानकारियां सही तरीके से भरें.आवेदन फॉर्म में उम्मीदवार को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और अन्य जरूरी विवरण दर्ज करने होंगे.इसके बाद संबंधित दस्तावेजों को आवेदन पत्र के साथ अटैच करना होगा.सभी जरूरी कागजात और भरे हुए आवेदन फॉर्म को एक लिफाफे में रखकर निर्धारित पते पर डाक के माध्यम से भेजना होगा.उम्मीदवारों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका आवेदन 20 दिसंबर 2026 तक या उससे पहले निर्धारित पते पर पहुंच जाए.

किस पते पर भेजना होगा आवेदन फॉर्म?
NIA की भर्ती के लिए भरे हुए आवेदन पत्र और संबंधित दस्तावेज इस पते पर भेजने होंगे.
उपमहानिरीक्षक (प्रशासन)
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) मुख्यालय
सीजीओ कॉम्प्लेक्स के सामने
लोधी रोड, नई दिल्ली-110003

उम्मीदवारों को आवेदन भेजने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ना चाहिए.

NIA भर्ती 2026 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि क्या है?
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 20 दिसंबर 2026 तक ऑफलाइन आवेदन भेज सकते हैं।

NIA भर्ती 2026 में कुल कितने पद और कौन-कौन सी श्रेणियां हैं?
एनआईए ने असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के 23, हेड कांस्टेबल के 53 और डेटा एंट्री ऑपरेटर के 35 पदों सहित कुल 111 रिक्तियों के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

NIA भर्ती 2026 के लिए अधिकतम आयु सीमा और आवेदन का तरीका क्या है?
इस भर्ती के लिए पात्र उम्मीदवार की अधिकतम आयु सीमा 56 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदन केवल ऑफलाइन माध्यम से स्वीकार किए जा रहे हैं, जिसे निर्धारित पते पर भेजना होगा।