पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आगामी सीजन से पहले अपने नए हेड कोच का ऐलान कर दिया. वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को मुंबई ने हेड नियुक्त किया गया है. पोलार्ड टीम में महेला जयवर्धने की जगह लेंगे, जिन्होंने हाल ही में इस पद को छोड़ा था. मुंबई इंडियंस के हेड कोच बनने से पहले पोलार्ड टीम में बैटिंग कोच की भूमिका निभा रहे थे.
पोलार्ड का मुंबई की टीम के साथ लंबा जुड़ाव रहा है. वह पहली बार साल 2010 में एक खिलाड़ी के तौर पर फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े थे. 13 सीजन और पांच आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाले पोलार्ड ने साल 2022 में इस लीग से रिटायरमेंट ले लिया था. हालांकि, ये कहा जाता रहा है कि बढ़ती उम्र और फिटनेस को देखते हुए पोलार्ड से जबरदस्ती संन्यास लेने के लिए कहा गया था.
हेड कोच बनने पर पोलार्ड ने जताई खुशी
मुंबई इंडियंस में हेड कोच की जिम्मेदारी मिलने के बाद पोलार्ड ने अपनी खुशी जाहिर की है. उन्होंने मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट को उन पर भरोसा जताने के लिए धन्यवाद दिया. पोलार्ड ने कहा, “मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच की भूमिका निभाना मेरे लिए सम्मान की बात है. एमआई मेरे जीवन और करियर का एक बड़ा हिस्सा रहा है और इस टीम, खिलाड़ियों और पलटन के साथ मेरा जो रिश्ता है, उसका मेरे लिए बहुत बड़ा मतलब है.”



