तेल के सबसे सेंसेटिव रास्ते ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ पर पिछले कुछ घंटों से जो भयंकर सस्पेंस और डर का माहौल बना हुआ था, पश्चिमी मीडिया में दावा किया जा रहा था कि ईरान ने ये रास्ता दोबारा बंद कर दिया है. अब ट्रंप राहत की सांस ले सकते हैं क्योंकि ईरान ने सफाई दे दी है. तेहरान ने दुनिया भर के बाजारों को तसल्ली देते हुए साफ-साफ कह दिया है कि होर्मुज के रास्ते पर सबकुछ पूरी तरह नॉर्मल है और जहाजों की आवाजाही पहले की तरह ही चल रही है. सिर्फ यही नहीं ईरान ने इस बात की भी तसल्ली दी है कि वो खुद जहाजो की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है.
दरअसल, शुक्रवार सुबह से ही अंतरराष्ट्रीय मीडिया और मैरीटाइम गलियारों में ये खबर आग की तरह फैल गई थी कि ईरान की कट्टरपंथी सेना ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ (IRGC) ने गुस्से में आकर होर्मुज को ब्लॉक कर दिया है. दावा किया जा रहा था कि इजरायल के लेबनान से न हटने की वजह से ईरान बिदक गया है और उसने स्विट्जरलैंड की न्यूक्लियर बातचीत को लात मारकर समंदर का फाटक बंद कर दिया है. इस खबर के आते ही ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आने लगा था और हर कोई सहम गया था.



