Home छत्तीसगढ़ समय से पहले मिल जाएगी बारिश-गर्मी-सर्दी की एकदम सटीक जानकारी, यहां लग...

समय से पहले मिल जाएगी बारिश-गर्मी-सर्दी की एकदम सटीक जानकारी, यहां लग रहा है वेदर स्टेशन

23
0

जांजगीर चांपा का मौसम कैसा होगा इसके बारे में पहले से जानकारी मिल जाएगी.जिला मुख्यालय स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में मौसम की सही और सटीक जानकारी के लिए वेदर स्टेशन बनाया जा रहा है. इससे जिले के मौसम से संबंधित सारी जानकारी समय पर मिल सकेगी. इससे किसानों को खेती में फायदा होगा.

वेदर स्टेशन जांजगीर चांपा के तापमान, बारिश और हवा की दिशा गति की पूरी और सटीक जानकारी देगा. साथ ही जिले में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की भी जानकारी मिलेगी. कृषि विज्ञान केन्द्र में बनाए जा रहे इस वेदर स्टेशन से कृषि महाविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी इसका फायदा मिलेगा. वे अपने प्रैक्टिकल के लिए भी आसानी से मौसम का आंकड़ा जुटा पाएंगे. किसानों को सही जानकारी मिलने से फसल लेने में फायदा मिलेगा. अभी तक जांजगीर चांपा जिले में वेदर स्टेशन नहीं होने से मौसम की सटीक जानकारी के लिए दूसरे जिले पर निर्भर रहना पड़ता था. अब आसानी मौसम के संबंध में सही जानकारी मिल पाएगी.

मौसम के बारे में हर एक जानकारी मिलेगी
इस संबंध में जिले के कृषि वैज्ञानिक और कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया वेदर स्टेशन ( मौसम स्टेशन) की स्थापना होने से किसान और एग्रीकल्चर के विद्यार्थियों को सहायता मिलेगी. अब तक जांजगीर चांपा जिला पड़ोसी जिले पर निर्भर है. यहां वेदर स्टेशन शुरू होने से अब दूसरे जिले पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. स्टेशन की मदद से मौसम का हाल पता चल पाएगा. साथ ही बारिश की मात्रा, हवा की गति, सूर्य प्रकाश की अवधि, तापमान, जमीन का तापमान, हवा की दिशा की जानकारी भी आसानी से मिल सकेगी.

5 तरह के उपकरण
कृषि विज्ञान केंद्र के इस वेदर स्टेशन में 5 प्रकार के उपकरण लग रहे हैं. इसमें से कुछ लग चुके हैं और बाकी लग रहे हैं. यह वेदर स्टेशन मई के अंत तक चालू हो जाएगा. यह मैनुअल वेदर स्टेशन है इसमें रोजाना रीडिंग ली जाएगी. इससे आंकड़ा गलत होने की गुंजाइश नहीं रहती. वेदर स्टेशन से मिले आंकड़ों के आधार पर भारत मौसम विभाग इस क्षेत्र का और भी सटीक पूर्वानुमान दे सकेगा. यहां लगने वाले सभी उपकरण इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने उपलब्ध करवाए हैं. उपकरण लगाने की व्यवस्था जिला प्रशासन डीएमएफ से कर रहा है.