नववर्ष 2024 के साथ नए साल की शुरुआत होने वाली है. नए साल का जश्न लोग बड़े ही धूमधाम से मनाते हैं. वहीं 31st नाइट में हुड़दंग करने वाले और चौक चौराहा में न्यू ईयर सेलिब्रेशन करने वाले लोगों पर सख्ती बरतने के लिए जांजगीर चांपा पुलिस विभाग ने एडवाइजरी जारी कर दी है. ताकि आमजन नए साल पर शांतिपूर्ण ढंग से नववर्ष 2024 का स्वागत कर सकें.
जांजगीर चांपा एसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि रात 10 बजे के बाद डीजे बंद हो जायेगी. साथ ही पार्टी 12 बजे तक ही चलेगी. उसके बाद शहर के रेस्तरां होटल भी बंद हो जाएंगे. वहीं शहरी और आउटर इलाकों में रात को पेट्रोलिंग होगी और किसी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचेगी. डायल 112 की टीम भी तैनात रहेगी और किसी भी सूचना पर संबंधित टीम को मौके पर भेजा जाएगा. आपात की स्थिति में कोई भी व्यक्ति निकटतम थाने या कंट्रोल रूम नंबर 94791-93199 या डायल 112 पर संपर्क कर सकते है. जिला पुलिस बल आपकी सुरक्षा के लिए सदैव आपके साथ है.
पुलिस पूरी तरह अलर्ट
इसके साथ ही 31 दिसंबर के रात से ही शहर के जगह-जगह पर चौक चौराहा में पुलिस का पहरा भी लग जाएगा. रात को ही नए साल की स्वागत के लिए हर वर्ग के लोग अपने ढंग से सेलिब्रेट करने के लिए तैयारी में हैं. कोई होटल बुक करके सेलिब्रेशन करता है, तो कोई पर्यटन स्थल पर घूमने के लिए जाता है, सभी अपने अपने तरीके से न्यू ईयर पार्टी करता है.



