Home छतीसगढ़ नारायणपुर में पुलिस-नक्सली मुठभेड़:मोबाइल टावर में आग लगाने पहुंचे थे, मगर सोलर...

नारायणपुर में पुलिस-नक्सली मुठभेड़:मोबाइल टावर में आग लगाने पहुंचे थे, मगर सोलर पैनल में लगाई आग; जंगल में छिपे तो जवानों ने खदेड़ा

32
0

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस-नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। हालांकि, इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से कोई नुकसान नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि, जवानों ने माओवादियों को खदेड़ दिया है। मुठभेड़ से पहले माओवादियों ने निर्माणाधीन मोबाइल टावर के पास स्थित सोलर पैनल में आग लगा दी है। मामला जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कुरूषनार-सोनपुर मार्ग में थाना से मुरहापदर जाने वाले मार्ग पर मोबाइल टावर लगाने का काम चल रहा था। माओवादी देर रात निर्माणाधीन मोबाइल टावर में आगजनी करने पहुंचे थे। यहां देर रात माओवादियों ने सोलर पैनल को आग के हवाले कर दिया। इस बात की सूचना जब पुलिस जवानों को मिली तो जवानों की एक टुकड़ी को मौके के लिए निकाला गया।

इस बीच सर्चिंग करते हुए जवान यहां पहुंचे हैं। जंगल में मौजूद नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम ने पटाखे फोड़कर बड़े लीडर्स को अलर्ट कर दिया। जब जवान मौके पर पहुंचे तो नक्सलियों ने जवानों पर फायर खोल दिया। दोनों तरफ से करीब 10 से 15 मिनट तक मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में जवानों को भारी पड़ता देख माओवादी जंगल की आड़ लेकर भाग निकले। बताया जा रहा है कि, पुलिस जवान इलाके की सर्चिंग कर रहे हैं।