कोरबा जिले के कटघोरा की रहने वाली कांची अग्रवाल 10 और 11 मार्च 2023 को बिजनेस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बेल्जियम जाएगी। इस प्रतियोगिता का आयोजन सॉल्वे बिजनेस स्कूल करवाती है।
कांची के पिता राकेश अग्रवाल सर्वमंगला स्टील्स एंड टाइल्स के संचालक हैं और उनकी मां ऋतु अग्रवाल ग्रहिणी हैं। यूरोप के सबसे प्रसिद्ध बिजनेस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तीन राउंड की कठिन स्क्रीनिंग के बाद कांची एवं उनकी सहपाठी ऋषिका राइ जो गाजीपुर उत्तर प्रदेश की निवासी हैं, उनका भी चयन हुआ है। दुनिया के अनेक प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूल से केवल 150 अभ्यर्थियों में से आईआईटी बॉम्बे से केवल 2 छात्राओं का चयन हुआ है।
कटघोरा निवासी कांची ने बताया कि 10-11 मार्च को ब्रुसेल्स में होने वाली इस प्रतियोगिता में 3 बड़ी कंपनियों द्वारा चुनौति दी जाएगी। इससे पहले भी कांची ने अनेक अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है और जीत हासिल की है। पिछले वर्ष एचईसी पेरिस बिजनेस स्कूल में आयोजित केस स्टडी में कांची ने जीत दर्ज की थी। पेरिस में 8-9 अप्रैल 2022 को दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस में दुनिया भर से 25 देशों के 120 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। बेन एंड कंपनी, फेरारी, मिशेलिन और श्नाइडर इलेक्ट्रिक कंपनियों ने कॉन्फ्रेंस में विभिन्न देशों के प्रतिभागियों के पूल बनाकर वर्तमान चुनौतियों पर आधारित केस स्टडी गेम हल करने को दिए गया था।



