Home छतीसगढ़ भोपाल के बाद अब इंदौर की फ्लाइट भी बंद:बिलासपुर के यात्रियों को...

भोपाल के बाद अब इंदौर की फ्लाइट भी बंद:बिलासपुर के यात्रियों को नहीं मिल रही हवाई सुविधा, जनसंघर्ष समिति ने आंदोलन की दी चेतावनी

84
0

बिलासपुर एयरपोर्ट में नाइट लैडिंग की सुविधा शुरू करने और रनवे को विकसित करने के दावों के बीच शरहवासियों के लिए बुरी खबर है। एलायंस एयर ने भोपाल के बाद अब पांच महीने के भीतर ही इंदौर की फ्लाइट को भी बंद करने का ऐलान कर दिया है। इस फैसले से हवाई सुविधा के विस्तार की मांग को लेकर आंदोलन कर जनसंघर्ष समिति में आक्रोश भड़क गया है। फ्लाइट बंद करने की खबर मिलते ही समिति ने धरनास्थल पर जमकर नारेबाजी करते हुए उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

एलायंस एयर ने बिलासा एयरपोर्ट से पहले 5 जून को बिलासपुर- भोपाल हवाई सुविधा शुरू की थी, जिसे बिना किसी ठोस वजह के तीन माह बाद सितंबर में बंद कर दिया गया। हालांकि, बाद में यह कहा गया कि भोपाल के लिए पर्याप्त संख्या में यात्री नहीं मिलने के कारण फ्लाइट को बंद किया गया है। साथ ही यह भी बताया कि भोपाल की फ्लाइट को बंद कर इंदौर के लिए हवाई सुविधा शुरू की जा रही है। अब इंदौर के लिए तीन अक्टूबर से शुरू हुई हवाई सुविधा की बुकिंग भी बंद कर दी गई है। बताया जा रहा है कि फ्लाइट की बुकिंग 25 मार्च तक है। इसके बाद टिकट की बुकिंग बंद कर दी गई है। बिलासपुर में हवाई यात्रियों का बेहतर रिस्पांस मिलने के बाद भी लगातार इस तरह से फ्लाइट बंद करने का सिलसिला नहीं थम रहा है।

सप्ताह में चार दिन चल रही थी फ्लाइट
इंदौर के लिए सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को फ्लाइट की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। बिलासपुर से इंदौर के लिए फ्लाइट 11.35 बजे और इंदौर से बिलासपुर के लिए फ्लाइट 1.55 बजे थी, जिसे अब एलायंस एयर ने बंद करने का फैसला लिया है।

बिलासपुर में यात्रियों की नहीं है कमी
कांग्रेस नेता और संघर्ष समिति के महेश दुबे ने कहा कि यात्रियों की कमी बताकर बिलासपुर-भोपाल को सिर्फ तीन महीने के भीतर बंद कर दिया गया था। जबकि, शुरू के महीने जून में यहां यात्रियों की संख्या बेहतर थी। मानसून के बीच मध्यप्रदेश में भारी बारिश और पितृ पक्ष की वजह से कम यात्री मिलना स्वाभाविक था। इसी तरह अब इंदौर की फ्लाइट को भी षडयंत्र कर बंद कर दिया गया है, जिसका हम विरोध करते हैं।

एक मार्च 2021 से शुरू हुई सेवा
बिलासपुर एयरपोर्ट से एक मार्च 2021 से दिल्ली-जबलपुर-बिलासपुर-प्रयागराज सेक्टर में नियमित घरेलू विमान सेवा की शुरुआत की गई थी। बिलासपुर एयरपोर्ट में नाइट लैडिंग की सुविधा प्रारंभ करने के लिए लाइटिंग और रनवे को विकसित किया जा रहा है। एयरपोर्ट में सुविधाओं का विस्तार होने के बाद यहां हवाई उड़ान की संख्या बढ़ेगी। यही वजह है कि सुविधाओं की मांग को लेकर हवाई सुविधाजन संर्षष समिति के बैनर तले लगातार धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है और बिलासपुर एयरपोर्ट को उड़ान योजना में शामिल करने की मांग की जा रही है।