छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में किसानों को रबी और खरीफ फसलों की खेती करने अब प्रशासन ने नया प्रयोग किया है। करीब 18 किमी लंबी फील्ड चैनल का निर्माण किया जा रहा है। इस काम के लिए लगभग 4 करोड़, 95 लाख 52 हजार रुपए खर्च किए जा रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि, इससे सीधे किसानों के खेतों तक पानी पहुंचेगा। इस फील्ड चैनल से पहुंचने वाला पानी रबी और खरीफ फसलों की पैदावार के लिए उपयुक्त होगा।
दरअसल, मनरेगा अंतर्गत ग्राम पंचायत बोडनपाल-02 एवं छोटे आमाबाल ग्राम पंचायत के किसानों को रबी-खरीफ फसल लेने योग्य पानी उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है। जल संसाधन विभाग 18 किलोमीटर लंबी फील्ड चैनल का निर्माण करवा रहा है। अब तक लगभग ढाई किलोमीटर का फील्ड चैनल बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है। अफसरों का दावा है कि, बारिश से पहले 18 किमी तक का काम पूरा कर लिया जाएगा। जिससे इस साल ही किसानों को फायदा मिलने लगेगा।
पहले ऐसे पहुंचता था पानी
पहले कच्ची सिंचाई नाली होने के कारण कोसाटेडा मध्यम सिंचाई परियोजना से छोड़े जा रहे पानी को किसान के अंतिम खेत तक पहुंचने में काफी समय लगता था। जिससे करीब 40 प्रतिशत पानी भी बर्बाद होता था। अब मनरेगा से पक्की फील्ड चैनल का निर्माण होने से न सिर्फ कम समय में किसानों के खेतों तक पानी पहुंचेगा, बल्कि पानी की बर्बादी भी कम होगी। अफसरों ने बताया कि, किसान खुद अपने खेतों में मनरेगा के तहत फील्ड चैनल का निर्माण कर रहे हैं। जिससे उन्हें प्रतिदिन 204 रुपए मजदूरी भी दी जा रही है।
CEO ने कार्य का अवलोकन
बस्तर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रकाश कुमार सर्वे ने कार्य का अवलोकन किया है। इस दौरान जल संसाधन के कार्यपालन अभियंता ने कार्य की उपयोगिता के संबंध में CEO को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, बारिश से पहले फील्ड चैनल का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। CEO ने कहा कि, किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए हर संभव मदद की जाए।