Home छतीसगढ़ राष्ट्रीय अधिवेशन में बड़े बदलाव संभावना:चुनावों में आधी सीटों पर 50 साल...

राष्ट्रीय अधिवेशन में बड़े बदलाव संभावना:चुनावों में आधी सीटों पर 50 साल से कम उम्र वालों को मिलेगी टिकट, अब सोशल ऑडिट भी

27
0

आगामी लोकसभा और नौ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस आधी सीटों पर 50 साल कम उम्र वालों को मौका दे सकती है। इसको लेकर शुक्रवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में वरिष्ठ नेताओं में चर्चा भी हुई। सूत्रों की मानें तो युवा-शिक्षा-रोजगार प्रस्ताव में इस बात को रखा भी गया है। रविवार को प्रस्ताव की चर्चा में यह प्रतिशत घट-बढ़ भी सकता है। अगर यह प्रस्ताव पास होता है तो संगठन से लेकर चुनाव के टिकट में आधी सीटों पर युवा चेहरे नजर आएंगे।

बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के पहले संगठनात्मक कसावट के लिए प्रदेश स्तर पर होने वाले बदलाव में भी इसे लागू किया जाएगा। बता दें कि उदयपुर संकल्प शिविर में भी यह बात उठाई गई थी कि संगठन में 50 साल से कम उम्र वालों को मौका दिया जाना चाहिए। इसके अलावा सोशल जस्टिस के प्रस्ताव में संगठन के सोशल ऑडिट की बात भी रखी गई है। अगर यह प्रस्ताव भी पास होता है तो बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर संगठन का सोशल ऑडिट किया जाएगा।

सोशल ऑडिट के मायने : कांग्रेस में कई जातियों के लोगों को नेतृत्व का मौका नहीं मिल पाता है। इस संतुलन को बनाने के लिए ही सोशल ऑडिट की मांग की गई है। अगर ऐसा होता है तो बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर में सोशल ऑडिट किया जाएगा। जिस जाति के लोगों काे मौका नहीं मिल रहा है, उन्हें आगे लाया जाएगा। इसके अलावा देश में जितनी भी रिजर्व सीटें हैं वहां भी कांग्रेस नए लीडर खोजने का अभियान चलाएगी। इसके अलावा रिजर्व सीटों पर वोटर्स के नाम जानबूझकर काटे जाते हैं, उनके नाम दर्ज करवाने का अभियान चलाएगी।

युवाओं के हाथों में होगा नेतृत्व
राहुल गांधी युवाओं के हाथों में नेतृत्व देने की बात हमेशा से कहते आए हैं। कांग्रेस में बड़े बदलाव के कयास लगते रहे हैं। राज्य सभा सांसद इमरान प्रतागपढ़ी बताते हैं कि इसी को देखते हुए अधिवेशन में सबसे बड़े निर्णय के तौर पर 50 साल से कम उम्र के हाथों में आधी कमान देने की बात रखी जा सकती है। उदयपुर शिविर में यह रिजुएलेशन रखा भी गया था। जिसके पहले उदाहरण के तौर पर मुझे राज्य सभा की सीट दी गई। अगर ऐसा होता है तो प्रदेश संगठन के बदलाव में भी युवाओं को मौका दिया जाएगा। बता दें कि अधिवेशन के बाद ही पीसीसी में बदलाव होने हैं।

मनमोहन, सोनिया और राहुल होंगे सीडब्ल्यूसी के आजीवन सदस्य

कौशल स्वर्णबेर | रायपुर कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय महाधिवेशन में पार्टी के संविधान में कई बड़े बदलावों का प्रस्ताव तैयार किया गया हैं। इसके तहत सदस्य संख्या बढ़ाने समेत ऐसे कई बदलाव शामिल हैं जिससे सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मनमोहन सिंह के सीडब्ल्यूसी का आजीवन सदस्य बनाये जाने का रास्ता साफ हो गया हैं। बताया गया है कि कांग्रेस की संविधान संशोधन कमेटी 16 संविधान और 32 नियमों में बदलाव का प्रस्ताव देगी। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव में कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों को लेकर नियम बदले जा रहे हैं।

ख़ास बातें

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष या अध्यक्षों, पूर्व प्रधानमंत्री या पूर्व प्रधानमंत्रियों को समिति का सदस्य बनाया जाएगा। इससे सोनिया, राहुल, मनमोहन और भविष्य में खरगे कार्यसमिति के आजीवन सदस्य रहेंगे।
बरसों पुराने शराब नहीं पीने और सिर्फ खादी पहनने वालों को सदस्य बनाये जाने का नियम भी बदला जा रहा हैं। पार्टी के लोगों का मानना है कि, आज़ादी के पहले बने इस नियम में संशोधन होना चाहिए, क्योंकि आज ये व्यवहारिक नहीं है। बताते हैं कि साल 2008 में राहुल गांधी ने कार्यसमिति में इस मुद्दे को उठाया था और इस नियम में बदलाव पर जोर दिया था।
कांग्रेस कार्यसमिति में सदस्यों की संख्या बढ़ाने और उसमें आरक्षण का प्रस्ताव भी तैयार हो रहा है।