छत्तीसगढ़ के लिए सर्दियों का मौसम विदा हो रहा है। रायपुर का न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। पिछले 10 साल से फरवरी में तापमान इसी तरह घट-बढ़ रहा है । इन 15 दिनों में राजधानी का सबसे न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा है। 10 सालों में इससे पहले ऐसा केवल चार बार हुआ है।
मौसम विभाग की माने तो रायपुर में फरवरी महीने का अभी तक का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस है। इसे आज से 130 साल पहले यानी 9 फरवरी 1893 को दर्ज किया गया था। उसके बाद से फरवरी महीने में इतनी ठंड कभी नहीं पड़ी। पिछले 10 सालों में सबसे अधिक ठंड 2 फरवरी 2021 को दर्ज हुई थी। उस दिन रायपुर का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस था। इस बीच सबसे गर्म साल 2016 रहा। उस साल फरवरी का न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो 6 फरवरी को दर्ज हुआ था। 2017 में यह 15.5 डिग्री, 2018 में 14.4 और 2013 में 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो चुका है।
प्रदेश में फरवरी का औसत न्यूनतम तापमान भी इस साल गर्म ही रहा है। कभी 2 डिग्री तक रहे न्यूनतम तापमान ने इस साल 5 डिग्री से नीचे गोता नहीं लगाया। इस साल तीन फरवरी को कबीरधाम में न्यूनतम 5.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था। यह इस साल फरवरी का सबसे कम तापमान है। लगातार बढ़ते जाने के बाद यह 12 फरवरी को 10.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। उसके बाद 13 फरवरी को यह 5.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। मौसम विभाग का कहना है, उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं की वजह से तापमान में यह गिरावट आई थी। हवाओं की दिशा बदली तो गर्मी बढ़ना फिर शुरू हो गई। 14 फरवरी को न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रहा तो 15 फरवरी को यह बढ़कर 7.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गई है।
अब बढ़ती जाएगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर से आने वाली हवा की गति में परिवर्तन हो गया है। इसकी वजह से प्रदेश में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि होने की संभावना है। अभी बहुत ज्यादा परिवर्तन की संभावना नहीं है। मौसम सूखा रहेगा। प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि का ट्रेंड बने रहने की संभावना बन रही है।
ऐसे घटता-बढ़ता रहा है प्रदेश का न्यूनतम तापमान
तारीख तापमान और स्थान रायपुर में न्यूनतम तापमान
01 फरवरी 11 डिग्री जशपुर 18.3
02 फरवरी 5.8 डिग्री कबीरधाम, कोरिया 13.4
03 फरवरी 5.3 डिग्री कबीरधाम 13.4
04 फरवरी 5.7 डिग्री कबीरधाम 13.2
05 फरवरी 7 डिग्री कबीरधाम 13
06 फरवरी 8 डिग्री कबीरधाम 14.5
07 फरवरी 9.1 डिग्री कबीरधाम 16.2
08 फरवरी 12.1 डिग्री कोरिया 17
09 फरवरी 9.4 डिग्री कोरिया 15.9
10 फरवरी 8.5 डिग्री कबीरधाम, जशपुर 15.7
11 फरवरी 9.3 डिग्री जशपुर 17
12 फरवरी 10.6 डिग्री कबीरधाम 17.5
13 फरवरी 5.9 डिग्री जशपुर 14.9
14 फरवरी 6.6 डिग्री नारायणपुर 14.4
15 फरवरी 7.3 डिग्री जशपुर 15.8
इस साल कहीं बरसात भी नहीं
इस साल फरवरी में कहीं से बरसात की रिपोर्ट नहीं है। पिछले 10 सालों में ऐसा केवल दो बार हुआ है। वर्ष 2016 और 2017 में फरवरी पूरी तरह सूखी गई थी। 2020 की फरवरी में तो 99 मिलीमीटर की मासिक बरसात रिकॉर्ड हुई थी। 43 मिमी बरसात का रिकॉर्ड तो एक दिन में है। रायपुर में सबसे अधिक 118.9 मिलीमीटर मासिक वर्षा का रिकॉर्ड फरवरी 1901 में दर्ज हुआ था।



