Home छतीसगढ़ भारतीय संस्कृति की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी’:कथावाचक विजय कौशल बोले-दूषित भोजन...

भारतीय संस्कृति की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी’:कथावाचक विजय कौशल बोले-दूषित भोजन और वेषभूषा से आती है विकृति, माता-पिता की सेवा ही ईश्वर सेवा

17
0

रामकथा वाचक विजय कौशल ने कहा कि भोजन, भाषा और वेशभूषा बिगड़ने से राष्ट्र में विकृति आ जाती है। हमारी वेशभूषा शालीन होनी चाहिए। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि हिंदू पर्व राखी, भाईदूज, वैवाहिक आयोजन व जन्मदिन पर भारतीय वेशभूषा धारण करें। क्योंकि, भारतीय संस्कृति और परंपरा को बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। कुछ विकृति मनोवृत्ति के लोगों ने देश की बेटियों को उद्दंड बनाने का प्रयास किया है, जो कभी सफल नहीं होगा। माता-पिता की सेवा में चारों धाम है, उनकी सेवा करना ईश्वर की सेवा के समान है।

लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित राम कथा के तीसरे दिन विजय कौशल महाराज ने कहा भगवान खोजने से नहीं, पुकारने से मिलते हैं। ईश्वर की प्रतीक्षा करनी होती है। भगवान को किसी का अपकार याद नहीं होता, मनुष्यों को भगवान के उपकार याद रखना चाहिए, चाहे जिस धर्म में रहे, जिस कर्म रहे, जिस मर्म में रहे, जिस हाल में ईश्वर की भक्ति और साधना करें, उससे से ही जीवन का कल्याण होता है।

उन्होंने कहा कि ईश्वर को याद करने से ही ईश्वर की दया मिलती है। याद का उल्टा दया ही होता है। परिवार रिश्ते नाते बस की सवारी की तरह है। इसे भी निभाते चलना होगा। मानस मर्मज्ञ विजय कौशल ने कहा कलयुग में साधुता क्षीण होती जा रही है। सो जाना ही साधुता है, जो विषय वस्तु और व्यक्ति से अप्रभावित हैं वही संत है और जो फंस गया वह संसारी कहलाता है। विजय कौशल ने बताया कि कलयुग में ईश्वर प्रकट नहीं होते। कलयुग में आदतें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने की बजाय अंधेरे की ओर ले जा रहे हैं। व्यसनों और दुर्गुणों के कारण भजन में मन नहीं लगता। ईश्वर की प्राप्ति नहीं होती।

माता पिता के चरणों में चारों धाम
कलयुग में सन्तानों को माता-पिता की इज्जत का हमेशा ख्याल रखना चाहिए। यही संतान का परम भी धर्म है। ऐसा आचरण करें कि बच्चों को अपने माता-पिता पर गर्व हो। बच्चे बड़े हो जाए, उनकी शादी हो जाए तब गुरु के बताये मार्ग से परिवार में शांति और समाज में व्यवस्था स्थापित करें। माता-पिता में साक्षात ईश्वर का दर्शन होता है। उनकी अवज्ञा करने का मतलब भगवान की अवज्ञा करना है। माता पिता की सेवा नहीं करने वालों के घर में शांति नहीं रहती। जिनकी मां होती है वह बड़े सौभाग्यशाली होते हैं जो मां की उपेक्षा करते हैं उनकी मां की आयु लंबी नहीं होती।

अयोध्या में छाया परमानंद, भगवान नाम सहारा
विजय कौशल महाराज ने रामकथा में अपनी बातों को दोहराते हुए कहा कि भगवान के प्रकट होने पर अयोध्या में परम आनंद का वातावरण हो गया। राम के जन्म लेते ही चंद्रमा व्याकुल हो गए थे। सूर्यनारायण का रथ ठहर गया। आनंद में अयोध्या में दिन और रात का पता ही नहीं चलता। चंद्र देव की व्याकुलता का निवारण भगवान श्रीराम ने द्वापर युग में रात्रि पहर में बारह बजे चंद्रवंश में आने का आश्वासन देकर किया। इसके बाद भगवान सूर्यवंशी होते हुए भी रामचंद्र कहलाए। उन्होंने कहा कि कलयुग में राम गुण गाने से सारे दुखों का अंत हो जाता है। जिसे भगवान का सहारा मिल जाए, उसे और किसी सहारे की आवश्यकता नहीं है। जन्मोत्सव पर महाराज ने भगवान शिव के कागभुसुण्डी के साथ ईश्वर दर्शन के प्रसंग का मार्मिक उल्लेख किया।