Home छतीसगढ़ कवासी लखमा ने बेची चाय, लोगों को अंडे भी खिलाए:बस स्टैंड पर...

कवासी लखमा ने बेची चाय, लोगों को अंडे भी खिलाए:बस स्टैंड पर ठेले में आबकारी मंत्री का ये अंदाज लोगों को खूब पसंद आया

19
0

छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने बीजापुर के बस स्टैंड में एक ठेले में चाय बनाई। फिर वहीं खड़े होकर उन्होंने चाय बेची। फिर पास में ही एक अंडा ठेला में जाकर खुद अपने हाथों से लोगों को उबले अंडे भी खिलाए।

हालांकि, मंत्री कवासी लखमा को चाय और अंडे बेचकर जो पैसे मिले उसे उन्होंने ठेला संचालक को दे दिया। आबकारी मंत्री कवासी लखमा का यह अंदाज लोगों को खूब पसंद आया। चाय बेचते और अंडा खिलाते हुए उनका वीडियो भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।

कवासी लखमा जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेने बीजापुर गए हुए थे। उन्होंने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में अफसरों की बैठक ली। जिसके बाद वहां से वे फिर सीधे बीजापुर के बस स्टैंड पहुंच गए। उनके साथ क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी भी मौजूद थे। बस स्टैंड में चाय और अंडा ठेला में पहुंच कर उन्होंने लोगों को चाय पिलाई, और अंडा खिलाया। ऐसा बताया जा रहा है कि, चाय और अंडा के बहाने आबकारी मंत्री ने क्षेत्र में कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने की कोशिश की।

लखमा को लोग कहते हैं दादी

क्षेत्र में कवासी लखमा की लोकप्रियता बेहद अधिक है। लोग उन्हें प्यार से दादी कहते हैं। छत्तीसगढ़ की राजनीति में कवासी लखमा हमेशा अपनी बयानबाजी से सुर्खियों में बने रहते हैं। इससे पहले भी कवासी लखमा के ढोल बजाकर नाचते हुए का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। कवासी लखमा ने जमकर सुर्खियां भी बटोरी थी।

लखमा का डांस भी हुआ था वायरल.. नीचे पढ़ें

कुछ महीने पहले मंत्री कवासी लखमा का दिलचस्प अंदाज देखने को मिला था। राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ में चुनाव प्रचार के सिलसिले में पहुंचे थे। यहां मौका पाकर मंत्री जी डांस करने लगे। यह देखने वाले भी हैरान रह गए और मंत्री जी को दिल खोलकर यू डांस करता देख और लोगों ने भी तालियां बजाकर उनका स्वागत किया था ।

मंत्री कवासी लखमा के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया था। मंत्री कवासी लखमा खैरागढ़ के गंडई इलाके में जब चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे तो यहां कांग्रेस पार्टी के पक्ष में प्रचार करते हुए, लोक कलाकारों का एक दल लोगों को मनोरंजन कर रहा था। इसमें डांस कर रही लड़कियों को देखकर मंत्री खुद बीच में जा पहुंचे और उसके बाद अपने अंदाज में डांस करने लगे। कलाकारों को छोड़कर सभी का ध्यान कवासी लखमा पर ही गया।

राहुल गांधी को भी नचवा चुके हैं लखमा

पिछले विधानसभा चुनावों के वक्त जब राहुल गांधी छत्तीसगढ़ आए थे तो बस्तर के कलाकारों के साथ राहुल गांधी ने भी डांस किया था। लखमा खुद राहुल गांधी के साथ ढोलक बजाकर डांस कर रहे थे, अक्सर कई मौकों पर कवासी लखमा इसी अंदाज की वजह से पसंद किए जाते हैं।