Home देश पुलिस विभाग में होगी बंपर भर्तियां:500 जेल प्रहरी, 2 हजार नगर सैनिकों...

पुलिस विभाग में होगी बंपर भर्तियां:500 जेल प्रहरी, 2 हजार नगर सैनिकों की भर्ती का प्रस्ताव, रायपुर में होंगे 3 फायर स्टेशन

63
0

छत्तीसगढ़ का अगले महीने पेश होने वाला बजट प्रदेश के लोगों की सुरक्षा और नौकरियों के मामले में खास हो सकता है। जहां तक नौकरियों का सवाल है, गृह विभाग ने इस साल करीब 500 जेल प्रहरी और 2 हजार नगर सैनिकों की भर्ती का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इसके अलावा, बजट में रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा यानी पांचों रेंज में साइबर थाने खोले जाएंगे। हर थाने का सुपरविजन डीएसपी रैंक के अफसर करेंगे और स्टाफ भर्ती किया जाएगा।

सरकार इमरजेंसी सेवा डायल-112 (आपात स्थिति के लिए एक सेवा) का दायरा 17 जिलों में फैलाने जा रही है। इसके अलावा, प्रदेशभर में 10 नए थाने और 6 चौकियां खोलने का भी प्रस्ताव है। गृह विभाग के इन प्रस्तावों को सरकार के अनुमोदन के पास रखा जाना है। अनुमोदन मिलते ही इन प्रस्तावों के लिए बजट का प्रावधान कर दिया जाएगा। इसमें नए साइबर थाने इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इनके लिए अफसर-स्टाफ की नियुक्ति के साथ-साथ पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर बनाना है।

इसमें करोड़ों रुपए खर्च होंगे। प्रदेश में साइबर अपराध बढ़े हुए हैं और उनकी रोकथाम के लिए काफी अरसे से स्वतंत्र साइबर थाने खोलने की बात चल रही है। इस बार यह प्रस्ताव बजट में अा सकता है। प्रदेश में अभी साइबर पुलिस राजधानी के पुलिस मुख्यालय से ऑपरेट हो रही है, बाकी कहीं भी थाना नहीं है। जबकि मध्यप्रदेश में साइबर थाना काफी अरसे से है।

रायपुर में होंगे 3 फायर स्टेशन

राजधानी में अभी टिकरापारा में एक फायर स्टेशन चल रहा है। कहीं भी आग लगती है, तो दमकल की गाड़ियां वहीं से जाती है। उरला और नवा रायपुर में फायर स्टेशन खोलने से पूरे शहर में गाड़ियां जल्दी और आसानी से पहुंच पाएंगी। फायर स्टेशन के इंफ्रास्ट्रक्चर व गाड़ियों को लेकर प्रस्ताव तैयार किया गया है।

थाने-चौकियों की संख्या बढ़ेगी

राज्य में 10 नए थाना और 6 चौकी खोलने की तैयारी है। इसमें बस्तर और सरगुजा संभाग शामिल है। जहां थाने खोले जा सकते हैं। इन इलाकों में लोगों को शिकायत करने बहुत लंबा सफर तय करना पड़ता है। वहीं, राज्य का पहला एन्टी टेरेरिस्ट स्क्वॉड थाना (एटीएस) को लेकर भी प्रस्ताव भेजा गया है। बजट में इसकी मंजूरी मिल गई है, लेकिन इसका सेटअप तैयार नहीं है, पद भी मंजूर नहीं हुए हैं।

नए साल में नौकरी का इतंजार कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। गृह विभाग ने छत्तीसगढ़ में 1100 पदों पर भर्ती के लिए मंजूरी दी थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए थे। जल्द ही पुलिस विभाग में 971 पदों पर भर्ती होगी। युवा लंबे समय से पुलिस भर्ती की राह देख रहे थे। हाल ही में पुलिस भर्ती कैंसिल होने से वे मायूस दिख रहे थे, लेकिन इस खबर से उनकी मायूसी दूर हो सकती है।

स्टेट लेवल के पदों पर होगी भर्ती पुलिस की इस भर्ती में मिनिस्ट्रियल स्टाफ भी शामिल हैं, जो कार्यालयीन काम करते हैं। जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। स्टेट लेवल के पदों पर भर्ती होगी। दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में बने 5 नए जिलों के लिए पुलिस सेटअप की मंजूरी भी मिल गई है। गृह विभाग ने सारंगढ़-बिलाईगढ़, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गड़ई और सक्ती में नए पुलिस थानों और चौकियों के लिए पदों की स्वीकृति दे दी है। इन चारों नए जिलों में 1100 पदों पर भर्ती की जाएगी।

सब इंस्पेक्टर के 971 पदों पर होगी भर्ती
वहीं सीएम भूपेश बघेल ने पुलिस सब इंस्पेक्टर के 971 पदों पर भर्ती करने की भी घोषणा कर दी है। जल्द ही इन पदों पर भर्ती की जाएगी। मामले में केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने निशाना साधते हुए कहा कि ये सब विधानसभा चुनाव 2023 को ध्यान में रखकर सीएम का चुनावी स्टंट है।