छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के 3274 निवेशकों की चिटफंड में डूब चुकी 2 करोड़ 56 लाख रुपए की राशि वापस दिला दी है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ देश का पहला ऐसा राज्य बन गया, जिसने ऐसी पहल की है। जैस ही लोगों को उनकी राशि का चेक वापस किया गया वो खुशी से फूले नहीं समाए।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपने निवास कार्यालय में इसके लिए वर्चुअली कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके लिए दुर्ग जिला कलेक्टोरेट में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में उन लोगों को बुलाया गया था, जिन्होंने अधिक लाभ के लालच में आकर चिटफंड कंपनी में पैसा निवेश किया था। इन सभी लोगों से सीधे सीएम ने वर्चुअली बात की। एक लाभार्थी से सीएम ने पूछा कि किस तरह पैसा निवेश किया था। उसने बताया कि उसके पास 2 एकड़ जमीन थी। उसे बेचकर उसने अपनी राशि निवेश कर दी थी। आज इस लाभार्थी को 9.50 लाख रुपए वापस किए गए। उसने सीएम से बताया कि लालच में आकर उसने इतनी राशि जमा कर दी थी कि 5 साल में वो डबल हो जाएगी।
इसी तरह महिला लाभार्थी तीजन बाई ने बताया कि वो खुर्सीपार में रहती है। उसने बताया कि उसने जमीन बेचकर 5-6 लाख रुपए निवेश किया था। सोचा था कि रुपए डबल हो जाएंगे तो बच्चों की शादी करूंगी। आज उसके 3 लाख रुपए वापस हो गए। दुर्ग जिले के 3 हजार 274 निवेशकों को 2 करोड़ 56 लाख रुपए की राशि लौटाई गई। इस मौके पर दुर्ग विधायक अरुण वोरा, कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा, एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव, नीता लोधी आदि मौजूद रहे। इतना ही नहीं वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में कृषि मंत्री रविंद्र चैबे, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, पीएचई मंत्री गुरू रुद्र कुमार, मुख्यमंत्री सलाहकार प्रदीप शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू आदि मौजूद रहे।
अब तक 40 करोड़ रुपए की राशि हुई वापस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चिटफंड कंपनियों में निवेश करने वाले निवेशकों को अब तक लगभग 40 करोड़ रुपए की राशि लौटाई जा चुकी है। हमारी सरकार छत्तीसगढ़ में ठगी करने वाली चिटफंड कंपनियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर रही है। ठगी करने वाली चिटफंड कंपनियों की सम्पत्तियों को कुर्क कर निवेशकों को राशि वापस की जा रही है। उन्होंने कहा कि चिटफंड कंपनियों ने छत्तीसगढ़ में भोले-भाले लोगों को लालच देकर जीवनभर की कमाई लूट ली। हमारी सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि निवेश करने वालों को उनका पैसा वापस मिल जाये।
जिले में 126 डायरेक्टर हो चुके गिरफ्तार
दुर्ग एसपी अभिषेक पलल्व ने बताया कि पुलिस चिटफंड को लेकर तेजी से कार्रवाई कर रही है। उनके द्वारा जिले में अब तक चिटफंड कंपनियों के 126 डायरेक्टर और 8 पदाधिकारियों को गिरफ्तार न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।



