मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को बलौदाबाजार जिले के दामाखेड़ा में आयोजित संत समागम समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पंथ प्रकाशमुनि साहेब का आशीर्वाद लिया। वहीं प्रकाशमुनि साहेब ने सीएम से दामाखेड़ा के आसपास उद्योग न लगाने का अनुरोध किया। इस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दामाखेड़ा के दस किमी क्षेत्र में कोई भी स्पंज आयरन उद्योग नहीं खोलने की घोषणा की है।
संत समागम मेले में पंथ प्रकाशमुनि साहेब ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का स्वागत किया। कार्यक्रम में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, वनमंत्री मोहम्मद अकबर, भाटापारा विधायक शिवरतन शर्मा, बेमेतरा विधायक आशीष छाबड़ा भी शामिल हुए। कार्यक्रम में भाटापारा विधायक शिवरतन शर्मा ने 50 बिस्तर वाले रेस्ट हाऊस की मांग की। जिस पर मुख्यमंत्री यहां धर्मशाला बनाने की घोषणा की है।
कार्यक्रम के दौरान पंथ प्रकाशमुनि ने दामाखेड़ा के आसपास उद्योग न लगाने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया था। इसके अलावा उन्होंने उरला सिलतरा में लगे उद्योग से उड़ते काले धुंए पर चिंता भी जताई। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री बेमेतरा रवाना हो गए।



