मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान अब तक 58 विधानसभा का दौरा कर चुके हैं। उनका कहना है कि देश का शायद ही कोई ऐसा मुख्यमंत्री होगा जिसमें अपने राज्य की सभी विधानसभाओं का दौरा किया हो।
सीएम ने कहा कि सभी 90 विधानसभा सीटों का दौरा पूरा होते ही इतिहास बन जाएगा। बुधवार को वे सिहावा विधानसभा के खिसोरा औैर बेलरगांव के दौरे पर थे। मुख्यमंत्री खिसोरा में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम खत्म कर अपने वाहन की ओर बढ़ रहे थे तभी उन्होंने एक नाटी महिला को देखा। ग्राम धौराभाठा की पुन्नी बाई नाम की उस महिला का कद बमुश्किल दो से ढाई फीट का रहा होगा।
सीएम उसे देखते हुए उसके पास रुके। सीएम ने बड़ी आत्मीयता से पुन्नी के साथ बातचीत की। इस दौरान पुन्नी ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए आर्थिक मदद मांगी। मुख्यमंत्री ने तत्काल अफसरों से पुन्नी को 50 हजार रुपए देने के निर्देश दिए।
इस दौरान जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने एसडीएम और तहसीलदार से मंच पर ही जवाब तलब किया। अफसरों के जवाब से असंतुष्ट मुख्यमंत्री ने जाति प्रमाण पत्र के मिले आवेदनों की जानकारी मांगी औैर तत्काल उनका निराकरण करने के आदेश दिए।
भूपेश बघेल की योजना का लाभ उठाया भूपेश बघेल ने
बेलरगांव के संतोष बघेल ने बताया कि उनके बेटे का नाम भी भूपेश बघेल औैर उसका स्वास्थ्य योजना से कराया है। सीएम ने हंसते हुए कहा कि भूपेश बघेल की योजना का लाभ भूपेश बघेल ने उठाया है।
अब साहूकार के पास नहीं बैंक जाते हैं पैसा निकालने
खिसोरा के कमलेश ने बताया कि धान बेचने के बाद दो दिन में ही पैसे उनके खाते में आ गए। पैसों से दोपहिया खरीदी। त्यौहार में पहले साहूकार के पास जाते थे लेकिन अब सीधे बैंक जाते हैं।
गोबर से इतनी आय कि छोटा हाथी लेकर जाते हैं
खिसोरा गांव के सोमेश ने बताया कि वह अब 65 हजार रुपए का गोबर बेच चुका है। उसके परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर गोबर बेचते हैं। इसके लिए उन्होंने छोटा हाथी भी लिया है।
आत्मसंतुष्टि होती है: भूपेश
सीएम भूपेश ने कहा कि जब लोग उन्हें बताते हैं कि सरकार की योजना से उनका जीवन सुधर रहा हैं तो उन्हें बड़ी आत्मसंतुष्टि होती हैं। तब उन्हें लगता हैं कि जिन उद्देश्यों को लेकर पुरखों ने छत्तीसगढ़ राज्य का सपना देखा था वह अब पूरा हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अपने राज्य के हर उस वर्ग के साथ न्याय कर रहे हैं जिससे उसे लाभ हो रहा है। लोगों को लगे कि ये सरकार उसके खुद की है।



