बीते दो दिनों से भाजपा के बड़े नेता कोरबा और राजनांदगांव में सियासी रणनीतियां तय करने में लगे रहे। देश के गृहमंत्री अमित शाह भी प्रदेश भाजपा की स्थिति की टोह लेकर लौट चुके हैं। भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर भी प्रदेश के नेताओं के साथ बैठकाें में शामिल हुए। इशारों-इशारों में उन्होंने कार्यकर्ताओं को मिशन 2023 का टास्क समझा दिया। आने वाले चुनावों में भाजपा को जीत मिले, इसी बात पर नेताओं का फोकस रहा।
राजनांदगांव में हुई बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि भाजपा गरीबों की चिंता करने वाली पार्टी के रूप में पहचान रखती है। माथुर ने कहा छत्तीसगढ़ और राजस्थान दोनों जगह से कांग्रेस सरकार जाएगी। यह भी इत्तेफाक है कि छत्तीसगढ़ से कांग्रेस सरकार को उखाड़ने राजस्थान से कोई आया है। बिना किसी का नाम लिए इशारों में बात करते हुए माथुर ने कहा कि हमारी लड़ाई एक कलाकार ,अभिनय करने वाले राजनीतिज्ञ से है। पूरी ताकत और संकल्प के साथ कार्य करें। विजय जरूर प्राप्त होगी,सत्य की जीत जरूर होगी ।
निचले कार्यकर्ताओं की चिंता
भाजपा की 15 सालों तक की सत्ता का किला ढहने के पीछे बड़ी वजह कार्यकर्ताओं की अनदेखी रही है। जब राजनांदगांव में एक छत के नीचे प्रदेश के बड़े नेता जुटे थे तो ओम माथुर ने उन कार्यकर्ताओं पर फोकस करने की बात पर जोर दिया। वो बोले – छत्तीसगढ़ को फिर से अटल बिहारी जी के सपनों का छत्तीसगढ़ बनाने के लिए इस जनविरोधी कांग्रेस सरकार को हटाना है। माथुर ने कहा कि नीचे के कार्यकर्ताओं से जुड़ कर उन्हें प्रोत्साहित करना है सभी सारी बातों को छोड़कर केवल 2023 में छत्तीसगढ़ में कमल खिलाने के संकल्प को लेकर कार्य करे।
बैठक में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय ने संबोधित किया। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि हमारे पास मोदी जी के 8 साल और भाजपा के 15 साल की उपलब्धियों का भंडार है। हमने गरीब कल्याण की अनेक योजनाए दी हैं।
3.50 लाख आवेदन मिले अब भाजपा करेगी पदयात्रा
देश में राहुल गांधी की पदयात्रा की चर्चा है। अब प्रदेश में भाजपा पदयात्रा करने जा रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास को लेकर भाजपा को 3 लाख 50 हजार आवेदन मिले हैं। अब हम बड़े आंदोलन की बनी रणनीति बना रहे हैं। साव ने कहा- जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय को लेकर भाजपा के कार्यकर्ता पंचायत स्तर पर जनता से मिलकर उनकी परेशानियों की जानकारी एकत्र कर रहीं है।
भाजपा छत्तीसगढ़ के 11 हजार ,पंचायतों में से 4,993 तक पहुंची है जिसमें लगभग 3 लाख पचास हजार प्रभावितों ने प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन दिए हैं। यह कार्य अभी जारी है और भाजपा 11 हजार पंचायतों तक पहुंचकर प्रभावितों से आवेदन प्राप्त करेंगे। शहरी क्षेत्र में वार्ड स्तर के कार्यक्रम की योजना बनाई गई है । भाजपा पूरे छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास गरीबों को दिलाने के लिए पदयात्रा करेगी और विधानसभा क्षेत्र में विधायकों का घेराव किया जाएगा।



