Home छतीसगढ़ नगरीय निकाय और पंचायतों में उपचुनाव के लिए वोटिंग:बिलासपुर में निगम और...

नगरीय निकाय और पंचायतों में उपचुनाव के लिए वोटिंग:बिलासपुर में निगम और पंचायत में 4 पंच और एक सरपंच के लिए मतदान जारी

15
0

बिलासपुर में नगरीय निकाय और पंचायतों में उपचुनाव के लिए सुबह आठ बजे से वोट डाले जा रहे हैं। वोटिंग शाम 5 बजे तक जारी रहेगी। नगर निगम में एक वार्ड के लिए आठ बूथों में मतदान हो रहे हैं। इसी तरह से ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत प्रतिनिधियों के मतदान के लिए वोट डाले जा रहे हैं। नगर निगम में वार्ड क्रमांक 16 में पार्षद और पंचायत चुनाव के तहत चार पंच और सरपंच के लिए एक पद के लिए चुनाव हो रहे हैं। शहर और ग्रामीण इलाकों में होने वाले चुनाव मतपत्रों से कराए जा रहे हैं।

कोटा ब्लॉक के कलमीटार में सरपंच, लमकेना और सेमरिया में 1-1 पंच पद के लिए तो तखतपुर के पौड़ीकला और निरतु में एक एक पंच पद के लिए वोटिंग की जा रही है। नगर निगम में पार्षद पद के लिए मतदान सुबह 8 बजे से जारी है जो शाम 5 बजे तक होंगे। वहीं पंचायतों में सुबह 7 बजे से चल रही है जो दोपहर 3 बजे तक वोटिंग होगी। पंच व सरपंच के लिए मतदान के तुरंत बाद केंद्र पर ही मतों की गणना शुरू की जाएगी। पार्षद पद के मतों की गणना 12 जनवरी को बर्जेस मेमोरियल स्कूल में की जाएगी।

एक वार्ड के 7 हजार 717 मतदाता, 8 बूथ बने
नगर निगम बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 16 में उपचुनाव में सात हजार 717 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। आठ मतदान केंद्रों में वोटिंग की जा रही है।

मतदान के लिए जरूरी दस्तावेज
मतदान के लिए लोगों को फोटोयुक्त पहचान पत्र भी दिखाना होगा। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार मतदाता अपने साथ निर्वाचन आयेाग से जारी मतदाता परिचय पत्र, फोटो/डाक घर से जारी पासबुक, पासपोर्ट, सर्विस प्रमाण पत्र, पेन कार्ड, आधार कार्ड, पेंशन दस्तावेज, मनरेगा जॉब कार्ड, स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लायसेंस, फोटोयुक्त अंकसूची आदि दस्तावेज दिखाकर मतदान कर सकेंगे।

स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
इधर, मतदान से पहले एसडीएम श्रीकांत वर्मा व एडिशनल एसपी आरके जायसवाल ने उपचुनाव को लेकर रविवार की शाम मंथन सभाकक्ष में अभ्यर्थियों और राजनीतिक दल के पदाधिकारियों की बैठक ली थी। उन्होंने चुनाव के दिन 9 जनवरी के लिए जारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देकर पालन करने की हिदायत दी थी। एसडीएम वर्मा ने बताया कि मतदान केंद्र के 100 मीटर के भीतर किसी मतदाता से प्रत्याशी और समर्थक वोट नहीं मांग सकेंगे।

एएसपी जायसवाल ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर स्थाई रूप से सुरक्षा टुकड़ियां लगाने के साथ पेट्रोलिंग पार्टियां भी नजर रख रही हैं।